ब्लॉग हैकर का टूलबॉक्स
A Blog Hacker’s Toolbox
हमारे यहाँ एक कहावत है कि बिना हथियारों के जंग नहीं जीती जाती। अतः मैं आपको कुछ टूल्स के बारे में बताना चाहूँगा जो पिछले कुछ दिनों ब्लॉग को संशोधित करने में मेरे अत्यंत काम आए।
» फायरफॉक्स वेब ब्राऊजर
आप सोचेंगे यह क्यों आवश्यक है। एक तो फायरफॉक्स में कई सुविधाएं बहुत उन्नत हैं जैसे Find बॉक्स जो कि HTML संपादन में बहुत काम आएगा । साथ ही इसमें केवल ड्रैग और ड्रॉप द्वारा रिच टैक्स्ट को कॉपी-पेस्ट किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त हम कई फायरफॉक्स एक्सटेंशनों का प्रयोग करेंगे जिसके लिए इसका होना जरुरी है।
फायरफॉक्स डाउनलोड करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
» MeasureIt – फायरफॉक्स एक्सटेंशन
अक्सर वेबपेज में स्क्रीन पर हमें किसी क्षेत्र विशेष यथा इमेज आदि की लंबाई-चौड़ाई नापनी पड़ती है। इसके लिए यह अत्यंत ही उपयोगी फायरफॉक्स एक्सटेंशन है। इंस्टाल होने के उपरांत Status bar में इसका आइकॉन आ जाता है। उसे क्लिक करिए तथा स्क्रीन पर कोई भी एरिया ड्रैग करिए यह उसकी लंबाई-चौड़ाई बता देगा।
» ColorZilla – फायरफॉक्स एक्सटेंशन
यह एक कलर पिकर है जिससे किसी वेबपेज पर किसी भी रंग का Hex तथा RGB कोड मालूम किया जा सकता है। इंस्टाल होने के उपरांत Status bar में इसका आइकॉन आ जाता है। उसे क्लिक करिए तथा स्क्रीन पर किसी भी जगह पर माउस प्वाइंटर ले जाइए। यह उस रंग का कलर कोड बता देगा। इसके अतिरिक्त इसमें कई प्रि डिफाइंड कलर पैलेट्स मौजूद हैं जिनसे आप रंग चुन सकते हैं।
» CSSViewer – फायरफॉक्स एक्सटेंशन
यह एक्सटेंशन किसी वेबपेज पर उपलब्ध टैक्स्ट आदि की CSS Properties देखने के काम आती है। इसे इंस्टाल करने के उपरांत इसका आइकॉन टूलबार पर ड्रैग एवं ड्रॉप कर लें। अब किसी भी पेज पर कोई टैक्स्ट आदि सलेक्ट करें तथा टूलबार पर इसका आइकॉन क्लिक करें। यह उसकी सभी CSS Properties दिखा देगा।
» Blogger Large Template Editor
यह एक GreaseMonkey यूजर स्क्रिप्ट है जिसे इंस्टाल करने से ब्लॉगर का टैम्पलेट एडीटर एरिया थोड़ा बढ़ जाता है। इसके लिए GreaseMonkey फायरफॉक्स एक्सटेंशन का पहले से इंस्टाल होना आवश्यक है।
» जिम्प या कोई अन्य इमेज एडीटर
इमेज संबंधी बेसिक कामों के लिए। यदि आपके पास पहले से ही फोटोशॉप, पेंट शॉप प्रो या कोरल ड्रा आदि है तो ठीक वरना जिम्प एक अच्छा तथा मुफ्त इमेज एडीटर है। विंडोज के लिए यहाँ से डाउनलोड करें।
कुछ अन्य टिप्स
» फायरफॉक्स में टैम्पलेट में दिए गए कोड को ढूंढने के लिए
फायरफॉक्स में सबसे पहले यह सैटिंग करें। Tools / Options /Advanced /General में जाएं, वहाँ Accessibility में Search for text when I start typing नामक चैकबॉक्स को चैक कर दें।
अब एक टैब में टैम्पलेट खोलकर CTRL+F दबाएं, Find बॉक्स आ जाएगा। इससे फायरफॉक्स आपके टाइप करने के साथ-साथ ढूंढता जाएगा।
» हैक पहले टैस्ट ब्लॉग पर आजमाएं
असल ब्लॉग पर कोई हैक प्रयोग करने से पहले एक टैस्ट ब्लॉग बना लें। पहले उस पर आजमाएं तथा सफल परीक्षण के बाद असल ब्लॉग पर प्रयोग करें।
» असल ब्लॉग पर आजमाने से पहले ब्लॉग टैम्पलेट का बैकअप लें
कुछ गड़बड़ होने पर बाद में पछताने से अच्छा है कि पहले ही बैकअप ले लिया जाए। वैसे भी बैकअप लेना एक अच्छी आदत है। इसके लिए यह पोस्ट पढ़ें।
» टैम्पलेट सेव करने से पहले Preview देखें
कोई हैक प्रयोग करते हुए टैम्पलेट सेव करने से पहले Preview देख लें। संतुष्ट हो जाने पर ही सेव करें।
इसके अतिरिक्त भी जिन-जिन टूल्स तथा टिप्स की आवश्यकता पड़ती जाएगी, मैं इस पोस्ट में जोड़ता जाऊंगा।






















अच्छी जानकारी है गुरूजी, लगे रहिये।
वाह आज तो बोहनी अच्छी हो गई, पोस्ट करते ही टिप्पणी आ गई।
दिन अच्छा जाएगा।
मेरा मुंह देख्नने वाले का दिन अच्छा ही जाता है।
बहुत ख़ूब पंडितजी, बडी अच्छी अच्छी जानकारीयां दे रहे हो। आपका धन्यवाद
जानकारी के लिए शुक्रिया गुरु
पंडित जी का पिटारा पुन: सामने है जो-जो चाहिए अपने अनुसार निकाल लें…लगे रहें लोग लाभांवित हो रहे हैं!!
अच्छी जानकारी दी है, इनमें से आधे तो हम पहले से ही उपयोग में ला रहे हैं और बाकि आधे मशीन में पडे अपना नंबर आने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन तुमने अच्छा किया लेख लिखकर जिससे बाकियों को भी मदद मिले।
@तरुण,
तरुण भाई कुछ और टूल्स का भी उल्लेख कर सकते हैं जो यहाँ नहीं दिए और आपको खास पसन्द हों।
श्रीश जी IE वालो के लिये भी कुछ दिजिये