ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blogsubscribe feedई-पण्डित पर जल्दी ही कुछ नये विषयों पर लेख शुरु होंगे।

आपको कौन लिंक कर रहा है, जानने के तरीके यह हैं


How to know who is linking to your blog and blog posts.

आज सुबह ज्ञानदत्त जी ने अपनी पोस्ट में पूछा कि आपकी पोस्ट/ब्लॉग को कौन-कौन लिंक कर रहा है, यह जानने के क्या तरीके हैं। पहले उन्हीं के ब्लॉग पर टिप्पणी कर बताने वाला था लेकिन टिप्पणी लंबी होते देख पोस्ट लिखने की ठानी।

लिंक-प्रथा के फायदे ही फायदें हैं, इस पर कभी अलग से क्लास लगाई जाएगी। फिलहाल उन तरीकों की चर्चा कर रहा हूँ जिनसे पता चलता है कि आपको कौन-कौन लिंक कर रहा है।

» लिंकबैक द्वारा

लिंकबैक तीन तरह के होते हैं ट्रैकबैक, पिंगबैक और रैफबैक। इनके बारे तकनीकी चर्चा नहीं करुंगा, जिन्हें रुचि हो दिए गए विकिपीडिया लिंक्स पर पढ़ लें। लगभग सभी मौजूदा ब्लॉगिंग सेवाएं जिनमें कि ब्लॉगर, वर्डप्रैस तथा वर्डप्रैस.कॉम आदि शामिल हैं, लिंकबैक सपोर्ट करती हैं। इससे मतलब है कि जब कोई आपकी किसी पोस्ट को अपने ब्लॉग पर लिंक करेगा तो उसका बैकलिंक आपकी पोस्ट पर आ जाएगा। ब्लॉगर में ये पोस्ट के नीचे ‘Links to this post’ के नाम से होते हैं उदाहरण के लिए इस पोस्ट के नीचे ‘इस प्रविष्टि से जुड़े लिंक्स’ देखिए। वर्डप्रैस/वर्डप्रैस.कॉम में ये पोस्ट पर टिप्पणियों के रुप में होते हैं, टिप्पणी में टिप्पणीकर्ता के नाम की जगह आपको लिंक करने वाली पोस्ट का शीर्षक होता है।

आपको इन्हें देखने के लिए बस इतना करना है कि अपने ब्लॉग की सैटिंग्स में Linkbacks सक्षम करने हैं। इसके लिए ब्लॉगर के डैशबोर्ड में ‘Comments’ टैब में जाएं। यहाँ पर ‘Backlinks’ को Show कर दें तथा ‘Backlinks Default for Posts’ में ‘New Posts Have Backlinks’ चुनें।

बैकलिंक्स का फायदा ये है कि इनसे किसी पोस्ट को देखते ही तत्काल मालूम पड़ जाता है कि उसे कहाँ-कहाँ और किसने-किसने लिंक किया है।

» गूगल सर्च द्वारा

गूगल वैब सर्च अथवा ब्लॉग सर्च पर जाइए, सर्च बॉक्स में निम्न कमांड टाइप कीजिए:

link:yourblogname.com

उदाहरण के लिए:

link:epandit.blogspot.com (बिना http:// या www के भी चलेगा)

बस एंटर दबाइए और एक क्लिक में आप जान जाएंगे कि कौन-कौन आपको लिंकिया रहा है।

अगर जानना है कि पूरी वैब से कौन लिंक कर रहा है तो वैब सर्च का प्रयोग करें, यदि केवल यह जानना है कि ब्लॉगजगत से कौन लिंक कर रहा है तो ब्लॉग सर्च का प्रयोग करें।

सुविधा के लिए आप सर्च URL बुकमार्क कर सकते हैं या ब्लॉग के साइडबार में उसका लिंक लगा सकते हैं ताकि आप सवेरे उठकर कुल्ला-मुखारी कर अपना कंप्यूटर खोलकर ब्लॉग खंगालते हुए एक क्लिक में मालूम कर सकें कि आप पर किस-किस ने लिंक के तीर चलाए हैं। उदाहरण के लिए ब्लॉगसर्च हेतु निम्न लिंक होगा:

http://blogsearch.google.com/blogsearch?q=link:epandit.blogspot.com

(epandit की जगह अपने ब्लॉग का नाम डाल लें)

इससे गूगल लिंक करने वाली पोस्ट का लिंक सहित नाम, तारीख, ब्लॉगर का नाम, पोस्ट का सारांश तथा नीचे ब्लॉग का URL दिखाता है।

अगर आप चाहें तो बाएं साइडबार में नीचे दिए लिंक से ब्लॉग अलर्ट भी सबस्क्राइब कर सकते हैं जिससे कि जब भी कोई आपको लिंक करेगा आपको ईमेल द्वारा सूचना मिल जाएगी।

» टैक्नोराती सर्च द्वारा

अब टैक्नोराती ने दुनिया भर के ब्लॉगियों का हिसाब-किताब रखने का ठेका ले ही रखा है तो वह भला क्यों पीछे रहने लगी। टैक्नोराती लिंकबैक्स को ब्लॉग रिएक्शन्स का नाम देता है। टैक्नोराती पर जाइए और सर्च बॉक्स में अपने ब्लॉग का पता टाइप कीजिए (बिना http:// या www के भी चलेगा), बस एंटर दबाइए और सब जानकारी हाजिर है।

सुविधा के लिए आप इसका लिंक बुकमार्ग कर सकते हैं, उदाहरण के लिए निम्न लिंक देखिए:

http://technorati.com/blogs/epandit.blogspot.com?reactions

(epandit की जगह अपने ब्लॉग का नाम डाल लें)

टैक्नोराती इसमें आपको लिंक करने वाले की फोटो (अगर हुई तो), लिंकित पोस्ट का नाम-पर्मालिंक, कितने समय पहले लिंक किया गया, लिंककर्ता के ब्लॉग का नाम-पता तथा पोस्ट का सारांश दिखाता है।

मैंने गूगल और टैक्नोराती में टैक्नाराती सर्च को बेहतर पाया वह ज्यादा जानकारी देती है तथा बेहतर तरीके से देती है। एक अन्य तरीका है टैक्नोराती के विजेट के प्रयोग का, यह जरा लंबा काम है अतः इस पर अलग से पोस्ट लिखूँगा।

» चिट्ठाजगत.इन द्वारा

हाल ही में शुरु हुई सेवा चिट्ठाजगत.इन के प्रयोग द्वारा भी आप बैकलिंक्स देख सकते हैं। इसके लिए निम्न लिंक का प्रयोग करें:

http://chitthajagat.in/?chitthalink=http://epandit.blogspot.com/

(epandit की जगह अपने ब्लॉग का नाम डाल लें)

यह सेवा लिंकित पोस्ट का नाम-पर्मालिंक, ब्लॉगर तथा ब्लॉग का नाम दर्शाती है।

एक बात सपष्ट नहीं है कि यह सेवा केवल इसकी साइट पर पंजीकृत ब्लॉगों से ही बैकलिंक्स दिखाती है या वैब पर अन्य अपंजीकृत ब्लॉगों से भी?

तो मैंने कंटिया फंसा दी है, देखते हैं ज्ञानदत्त जी ओवरलुक कर जाते हैं या…? :)








15 टिप्पणियाँ

  1. आपने तो अच्‍छे काम में लगा दिया है। अब तो किसी की खैर नही होगी जो लिंक करेगा। :)

  2. आ गये और बोल्ड में धन्यवाद भी दे देते हैं!

    आपने ई-पण्डित होना सार्थक सिद्ध किया – एक बार पुन:. एक निहायत शरीफ ई-पण्डित!
    अब देखते हैं यूनुस और अभय तिवारी पढ़ते हैं या नहीं.
    वैसे मैं तेक्नोराती के रास्ते आया यहां पर.

  3. बहुत बढिया जानकारी.. अब यह गाने की जरूरत नहीं कि “जरा सामने तो आओ छलिये, छुप-छुप छलने में क्या राज है”… :)

  4. पुन:
    और ये चिठ्ठाजगत का सॉल्यूशन तो और भी मस्त है! इसको मैने अपने पेजफ्लेक्स पर भी चिपका लिया है. RSS Feed के माध्यम से!

  5. श्रीश भाई आप तो अध्यापन का कार्य करने लगे है..हमे बहुत सुविधा हो गई है…कैसे आपका शुक्रिया अदा करे…बहुत अच्छा लगा जानकारी लेकर…कल फ़िर आयेंगे..:)

    शानू

  6. बढ़िया जानकारी दी आपने श्रीश भाई, शुक्रिया है !!

  7. अच्छी जानकारी..

  8. बाप रे बाप ! इतनी सारी कटिया ! लगता है कोई बचेगा नहीं . बहुत ही उपयोगी क्लास लगाई , श्रीश , अब अगली क्लास मे दिखेगें , नमस्कार ! :)

  9. खूब, लगे रहो पंडित जी! :)

  10. श्रीश भाई कटिया की अच्छी जानकारी दिये बधाई, वैसे जब कौनो तकलीफ़ होइ तो आपै तो हैं बतलाने वाले हमार हिंदी फ़ैमिली को अभी तो कटिया से हमार बिगियापने तो होत रहा कौनो खतरा होइ तो उहू बताइ देब ।

  11. ये लो भाई, फिर हाजिरी लगाये दे रहे हैं और बहुत मन लगा कर पढ़े हैं. :)

  12. वस्तुतः “ई-पण्डित” हैं, सारा गूढ़ ज्ञान आपसे मिल ही जाता है।
    कृपया अगले लेख में यह बताने की कृपा करें कि टिप्पणी करनेवाले का ई-मेल पता यदि उसके प्रोफाइल में नहीं हो ते कैसे ज्ञात करें? उसका IP Adress भी कैसे जानें?

    RSS Feed और ATOM Feed को सही रीति उपयोग करने के सरल तरीके भी बतायें ताकि हमारी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया/प्रतिटिप्पणी (यदि कोई दे) तो हमारे ईमेल पर उसकी सूचना हमें मिल सके।

  13. क्लास तो अच्छी रही और इतनी सारी जानकारी भी मिल गयी ।

  14. बहुत बढ़िया जानकारी।
    मैने भी ज्ञानदत्तजी की तरह पेजफ्लेक्स में चिठ्ठाजगत वाली प्रविष्टी जोड़ने की कोशिश की तो वह जुड़ा ही नहीं।

प्रतिक्रिया करें