टचनागरी – बिना हिन्दी इनपुट वाले टचस्क्रीन फोन पर हिन्दी लिखने हेतु कीबोर्ड जारी
जैसा कि मैने अपने पिछले लेख में बताया था कि हिन्दी समर्थन युक्त टचस्क्रीन फोन की तलाश मेरी अधूरी रही तथा मुझे आंशिक हिन्दी समर्थन वाला नोकिया ५८०० लेना पड़ा। इसे लेने से पहले मैंने दोस्त के ५८०० पर देखा था कि ऑपेरा मोबाइल में हिन्दी सही पढ़ी जा सकती है तभी से दिमाग में था कि हिन्दी लिखने के लिये कोई कामचलाऊ जुगाड़ बना लेंगे। फोन लेने के बाद विभिन्न ऑनलाइन टूल आजमाये जिनमें गूगल ट्राँसलिट्रेशन, क्विलपैड, यूनिनागरी आदि शामिल थे पर कोई न चला। अंततः मुझे खुद ही इसके लिये जुगाड़ बनाने का विचार करना पड़ा। चूंकि हिन्दी सही ऑपेरा मोबाइल में चलती थी तो टूल ऐसा होना चाहिये था जो हल्का-फुल्का हो तथा इसमें चल सके इसलिये जावास्क्रिप्ट में बनाने का निश्चय किया। यद्दपि ऐसा टूल जावा ऍप्लॅट में शायद बेहतर बनता पर मैंने पाया कि मोबाइल ब्राउजरों में ऍप्लॅट चलते नहीं। यह सामान्य सा टूल बनाने में ही मुझे कोई दो हफ्ते लग गये, कसम से प्रोग्रामरों के लिये दिल में इज्जत बढ़ गयी। सारा लॉजिक फिट करते-करते दिमाग की सारी खिड़कियाँ खुल गयीं।
![]()
- टचनागरी होमपेज – http://epandit.shrish.in/labs/touchnagari/
- प्रयोग करने के लिये यहाँ जायें – http://epandit.shrish.in/tools/touchnagari/
यह औजार एक ऑनस्क्रीन वर्चुअल कीबोर्ड है जो कि हिन्दी के मानक कीबोर्ड लेआउट इनस्क्रिप्ट पर आधारित है क्योंकि जैसे अंग्रेजी का क्वर्टी कीबोर्ड है वैसे ही हिन्दी के लिये ऑनस्क्रीन सॉफ्ट कीबोर्ड इनस्क्रिप्ट ही हो सकता है। लेकिन इससे आपको घबराने की जरुरत नहीं है क्योंकि सारे वर्ण सामने होते हैं तथा याद नहीं रखने पड़ते। इनस्क्रिप्ट लेआउट एक विशेष क्रम में होती है जिसमें कि बांई तरफ सामान्य अवस्था में मात्रायें, शिफ्ट अवस्था में उनके सापेक्ष स्वर तथा दांई ओर व्यंजन होते हैं। कीबोर्ड लेआउट को थोड़ी देर ध्यान से देखने पर सारा क्रम साफ समझ आ जाता है। इसके अतिरिक्त सरलता तथा टच इनपुट के लिहाज से मैंने इसमें कुछ संशोधन भी किये हैं। जैसे सबसे ऊपर की पंक्ति में सामान्य अवस्था में अंक होते हैं लेकिन मैंने वहाँ सामान्य अवस्था में संयुक्ताक्षर आदि रखे हैं (जो कि शिफ्ट अवस्था में होते हैं) तथा अंकों के लिये नीचे एक अलग बटन लगाया है। इसी तरह संस्कृत तथा वैदिक चिह्नों के लिये नीचे एक बटन लगाया है जिसे शिफ्ट के साथ प्रयोग करके विभिन्न चिह्न टाइप किये जा सकते हैं। इसी तरह अंग्रेजी/रोमन के सामान्य चिह्नों जिनकी बार-बार आवश्यकता पड़ती है उनके लिये भी एक बटन नीचे लगाया है। कुल मिलाकर जहाँ तक मुझे समझ आया मैंने सभी चिह्न सम्मिलित किये हैं। कीबोर्ड की सरलता पर विशेष ध्यान दिया है जिससे आप थोड़े प्रयोग के बाद ही आसानी से अभ्यस्त हो सकेंगे। यह कीबोर्ड बनाने के दौरान मुझे इनस्क्रिप्ट की वैज्ञानिकता भी और अच्छी तरह समझ में आयी, एक वर्ण के लिये केवल एक कुञ्जी के कारण इनस्क्रिप्ट के लिये आइऍमई बनाना फोनेटिक आदि की तुलना में बहुत सरल है।
अब बात आती है कि ये जुगाड़ कितना कामयाब है। स्वाभाविक बात है कि लिखने के बाद कॉपी-पेस्ट का झंझट तो है पर जब फोन में हिन्दी टाइप करने की व्यवस्था न हो तो यही तरीका बचता है यानि कुछ न होने से कुछ होना अच्छा है। इस टूल से बहुत लम्बी पोस्टें भले न लिख पायें पर ट्विटर, बज्ज़, ब्लॉगों पर टिप्पणी आदि मैं बखूबी कर लेता हूँ यानि कि हिन्दी लिखने की खुजली शान्त हो जाती है और यदि आप चाहें तो खाली टाइम में छोटी-मोटी पोस्ट भी ठेल सकते हैं।
टचनागरी किसी भी प्रकार के टच डिवाइस यथा फोन, आइपॉड टच, आइपैड, टैबलेट पीसी आदि पर काम करना चाहिये। बड़ी स्क्रीन पर तो कोई समस्या न होगी, छोटी स्क्रीन पर स्क्रीन साइज के लिहाज से जूम सैटिंग करें। सामान्य फोनों पर यह औजार ऑपेरा मोबाइल में लैण्डस्केप मोड में सर्वश्रेष्ठ दिखता है। नोकिया ५२३०, ५२३३, ५२३५ तथा ५८०० में लगभग २०० प्रतिशत जूम पर यह सही दिखता है। यह सिंगल टच के लिहाज से बनाया गया है, मल्टी टच हेतु शायद बेहतर औजार तैयार हो सके पर उसके लिये प्रयोग हेतु मेरे पास वैसा फोन नहीं है। बाकी अन्य टिप्स तथा जानकारी इसके होमपेज पर पढ़ें।
वैसे मुझे लगता है कि जावा तथा सिम्बियन प्लेटफॉर्म पर प्रोग्रामिंग का अच्छा ज्ञान हो तो फोन के लिये हिन्दी का वर्चुअल कीबोर्ड बनाया जा सकता है जिससे फोन में कहीं भी हिन्दी लिखी जा सके। फिलहाल तब तक इसी जुगाड़ से काम चलायेगें, यदि कोई सुझाव या फीडबैक हो तो कृपया अवश्य दें।






















आपकी इस अथक मेहनत को सलाम |
मुबारक हो!
और तुम सोचा करते थे कि बस आईडिया आया और दे दिया तो यूँ ही चुटकी बजाते ही काम हो जाएगा। जिसको प्रोग्रामिंग नहीं आती प्रायः वे यही सोचते हैं कि भई काम कंप्यूटर अपने आप ही कर लेता है तो दो-तीन बार कीबोर्ड खटखटाने से हो जाना चाहिए!
इस तरह की एप्लीकेशन बनानी हो तो वह नेटिवली चलनी चाहिए, जावा जैसे थर्ड पार्टी रनटाइम पर नहीं!
अपने नोकिया 5230 पर इसे आजमा के देखता हूं, आपने जिस तरह बताया, काम आसान हो गया लगता है.
जब टच फोन लूँगा तो शायद हाथ आजमाना पडेगा ?
@naresh singh,
धन्यवाद!
@amit,
पर ऍप्लीकेशन बनेगी भी तो किसी भाषा में, नोकिया की साइट पर मोबाइल हेतु डेवलपमेण्ट के लिये जो भाषायें बतायी हैं उनमें जावा भी है।
@मनोज कुमार,
हाँ जी ५२३० पर एकदम सही काम करेगा ये।
@प्रवीण त्रिवेदी,
हाँ मास्साब, ले लो टच फोन, हिन्दी लिखने का ये काम चलाऊ जुगाड़ तो हो ही गया।
तुमको मेरी बात का अर्थ ही समझ नहीं आया इसलिए यह भी समझ नहीं आया कि मैंने ऐसा क्यों कहा!
download kahan se karen
link hee nahi milaa
kripya link den
link hee nahi milaa
@amit,
तुम्हारी बात कुछ हद तक तो मैं समझ गया कि फोन में जावा ऍप्लीकेशन चलने के लिये जावा रनटाइम ऍन्वायरनमेण्ट पर निर्भर करती हैं, इसलिये वर्चुअल कीबोर्ड जैसी ऍप्लीकेशन वाली बात इससे नहीं बनेगी। पर फोन की नेटिव सिम्बियन ऍप्लीकेशन्स किसमें बनती हैं? S60 का SDK भी तो जावा या कार्बाइड सी++ में है।
@वीनस,
वीनस जी इसे डाउनलोड नहीं करना है, यह ब्राउजर में ही चलेगा। ऑपेरा मोबाइल में यह लिंक खोल कर चलायें। फिर वहाँ हिन्दी लिख कर वाँछित जगह कॉपी-पेस्ट करें। अधिक जानकारी व टिप्स यहाँ पढ़ें।
ना भाई ना, हमें नहीं सुनना कि प्रोग्राम बनाने में कितनी मेहनत लगती है…
हमें तो वही छवि पसन्द है कि प्रोग्रामर बरमूडा और टी शर्ट डाले दो बडे बडे मानीटर के सामने बैठा है…स्क्रीन पर यूनिक्स का कन्सोल है, और काली स्क्रीन पर हरे रंग में टाईपराईटर वाला फ़ोंट झकाझक चला जा रहा है,,,एक बार इंटर करने पर पक्क से ४० लाईन टाईप होती हैं और प्रोग्रामर बांये हाथ में कलम घुमा रहा है…और अन्त में मैसेज आता है…प्रोग्राम अप्लोडेड….;)
सबसे बड़ी बात है कि आपने एक नया रास्ता दिखाया है। जब एक हल निकल गया तो और भी हल निकलेंगे जिनमें से कुछ अत्यन्त उत्कृष्ट होंगे। आपका प्रयत्न यशश्वी हो!
@नीरज रोहिल्ला,
एक टिपिकल प्रोग्रामर की तस्वीर दिखायी आपने।
@अनुनाद सिंह,
उत्साह बढ़ाने के लिये शुक्रिया, वैसे मुझे भी लगता है कि फोन के लिये इस तरह का नेटिव कीबोर्ड भी बनाया जा सकता है।
भैया,आपका यह औज़ार क़ाबिल-ए-तारीफ़ है.मेरे पास सैमसंग का galaxy s फोन है,जिसमें chrome browser है, उसमें यह काम करता है,ओपेरा के साथ नहीं .थोडा अभ्यास की ज़रुरत है.पहले सारे अक्षर एक साथ नहीं दिखते,पर shift दबाने पर शेष विकल्प भी आते हैं.धीरे-धीरे सीख ही जाऊँगा.
आपकी मेहनत और जुगत को सलाम !
भाई श्रीश जी, टचनागरी एंड्रायड 2.3.2 में भी चल गया है
आपका धन्यवाद.
http://sahibaat.blogspot.com/2011/05/blog-post.html
@काजल कुमार,
खुशी है कि यह औजार आपके काम आया।