ई-पण्डित कन्वर्टर १.०, प्रथम संस्करण जारी
तो साहिबान, गाँव वालों की भारी माँग (एक नो झंझट सटासट कन्वर्टर की) पर पेश है ई-पण्डित कन्वर्टर का प्रथम संस्करण।
काफी समय से तकनीकी हिन्दी गूगल समूह पर प्रयोक्ताओं को शिकायत थी कि समूह पर उपलब्ध वर्तमान फॉण्ट परिवर्तकों में कॉपी-पेस्ट आदि का झंझट है, कोई आसान परिवर्तक होना चाहिये। इसी बात को ध्यान में रखते हुये मैंने सोचा कि एक परिवर्तक बनाया जाय जिसमें काम आसान हो। मैं “नो झंझट सटासट” की फिलॉस्फी बहुत पसन्द करता हूँ, इसी पर यह टूल भी आधारित है।
साथ ही कुछ समय पूर्व मुझे ज्ञात हुआ कि प्रिण्ट (विशेषकर समाचार-पत्रों) की दुनिया में चाणक्य फॉण्ट अत्यन्त प्रचलित है तो मैंने सबसे पहले इसके लिये परिवर्तक बनाने की ठानी। मेरे कुछ साथियों को अक्सर समाचार-पत्रों में प्रैस-नोट आदि मैटर भेजना होता है, अखबार वाले चाणक्य फॉण्ट में भेजने को कहते हैं, अब उन्हें (मित्रों को) रेमिंगटन लेआउट नहीं आता जिससे कन्वर्टर का सहाना लेना पडता है। मौजूदा कन्वर्टरों में कुछ गल्तियाँ थी साथ ही कॉपी-पेस्ट का झंझट था इसलिये मैंने उनकी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुये चाणक्य हेतु एक आसान तथा शुद्ध परिवर्तक बनाने की सोची।
ई-पण्डित कन्वर्टर एक फॉण्ट परिवर्तक है जो कि यूनिनागरी (यूनिकोड देवनागरी) टैक्स्ट को लिगेसी (नॉन-यूनिकोड) फॉण्ट तथा लिगेसी फॉण्ट टैक्स्ट को यूनिनागरी में बदलने हेतु उपयोगी है। इसका इण्टरफेस काफी आसान है, इसमें आप इनपुट बक्से में बदलने वाली सामग्री उपलब्ध बटन द्वारा पेस्ट कर सकते हैं या फिर कोई फाइल खोल सकते हैं तथा बदली गयी सामग्री को उपलब्ध बटन द्वारा कॉपी कर सकते हैं या किसी फाइल में सेव कर सकते हैं। यह एक छोटा सा औजार है जिसे बिना इंस्टालेशन सीधे चलाया जा सकता है।
इस परिवर्तक में शुद्धता पर विशेष बल दिया गया है तथा ९५ प्रतिशत से अधिक तक शुद्ध परिणाम प्राप्त होते हैं। मेरी जानकारी में यह चाणक्य हेतु अब तक सबसे शुद्ध मुफ्त परिवर्तक है। इसकी ऑन द फ्लाइ सुविधा द्वारा आप बायें बक्से में हिन्दी टाइप करते हुये दायें बक्से में हाथों-हाथ उसको नॉन-यूनिकोड फॉण्ट में बदल सकते हैं तथा कॉपी करके वाँछित ऍप्लिकेशन (यथा फोटोशॉप आदि) में पेस्ट कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें परिवर्तन सम्बन्धी पहले विभिन्न विकल्प सैट करने की सुविधा है। इसमें कई ऐसी सुविधायें हैं जो अब तक के परिवर्तकों में उपलब्ध नहीं थी।
यह परिवर्तक सी# (सी शार्प) में बनाया गया है। डॉट नेट का पहले कोई अनुभव नहीं था, सी++, विजुअल बेसिक तथा थोड़ी बहुत जावा पढ़ी थी, इस टूल को बनाते-बनाते ही सी# पर हाथ बैठ गया जो कि अगली परियोजनाओं में काम आयेगा। मुझे सी# तथा डॉट नेट काफी पसन्द आयी, ये जावा की तुलना में बहुत प्रोग्रामर-मित्र हैं, खैर इस बारे विस्तार से फिर कभी।
इसे बनाने में लगभग पन्द्रह-बीस दिन (कुछ रातें भी गिन लें) लगे, बार-बार लगता था कि बस सही हो गया, फिर कोई गलती निकल आती थी। वाकई कोडिंग एक मजेदार काम भी है और झंझटिया काम भी।
आभार
यह परिवर्तक इण्टरनेटीय हिन्दी के कर्मयोगी अनुनाद सिंह जी को समर्पित है। उन्होंने सबसे पहले तकनीकी हिन्दी समूह पर उपलब्ध विभिन्न प्रकार के फॉण्ट कन्वर्टरों के लॉजिक तैयार किये तथा अन्य लोगों को भी इस विधा से परिचित कराया। मुझे कन्वर्टर का मूल लॉजिक समझने में भी उन्होंने सहायता की। उनका समूह को ढेरों फॉण्ट कन्वर्टरों का योगदान है।
डाउनलोड
औजार सम्बन्धी पूरी जानकारी तथा डाउनलोड हेतु परिवर्तक के होमपेज पर जायें।
ePandit Conveter released, Chanakya <==> Unicode conversion available.























बधाई हो पंडित जी! हिन्दी जगत को नयी पीढ़ी और नयी डिजाइन का परिवर्तक प्रदान करने पर बहुत-बहुत साधुवाद। एक बार फिर आशा बलवती हुई है कि गिने-चुने समर्पित लोग मिलकर हिन्दी का बहुत भला कर सकते हैं।
आपका फॉण्ट परिवर्तक उतारकर चलाया। बिना किसी झंझट के चल रहा है।
आप सबको ढेरों साधुवाद, आप सही दिशा दिखा रहे हैं। क्या हस्तलेखन को हिन्दी टेक्टस् में बदलने का कोई उपाय है?
बधाई हो पंडित जी!
Hartiest Congratulations Sir
You have done a missalenious job
We all are very thanful to you
बधाई और शुभकामनाएँ …….पंडित जी!
बहुत बहुत शुक्रिया मास्साब, हम जैसों के लिए यह अत्यंत ही उपयोगी है।
श्रीश जी , हिन्दी जगत के लिए आपके इस योगदान को हम सदैव समाज में सराहते रहेंगे। साधुवाद।
वाह जी इसे कहते हैं जज़्बा
सब कुछ कर बसने का
जी हां, गुज़रना नहीं
मन में बसना होता है
ऐसे महत्वपूर्ण
ब्लॉगपयोगी कार्य करके।
ई पंडित जी को
ई बधाई
जब मिलेंगे तो
खिलाएंगे ई मिठाई
आप भी खा सकते हैं
30 अप्रैल 2011 को
दिल्ली के हिंदी भवन में
खाने के लिए आ सकते हैं।
यह तो बड़े काम का औजार दिया आपने बन्धुवर!
बहुत धन्यवाद!
बड़ी जलन होती है जी …..आपकी क्षमता से !
निःस्वार्थ कैसे आप हिन्दी सेवा में लगे हैं …..फिर भी प्रेरणा के लिए आपने अनुनाद जी को आभार दिया …….यह जाकर और अच्छा लगता है | हालांकि चाणक्य फॉण्ट में मेरा कोई कार्य नहीं पड़ता है …..पर आपके उत्साह से ही पता नहीं क्यों कर मैं भी बहुत ही उत्साहित महसूस कर पा रहा हूँ …..आखिर हूँ तो आपके उसी गावं वालो का हिस्सा !
बहुत बधाई हो महाराज,
आपका लोहा तो पहले से मानते रहे हैं। अपने अग्रजों को भी याद करने, आभार जताने की विनम्रता आपको बहुत आगे ले जाएगी।
अनुनादजी ने कनवर्टर का परीक्षण कर ही लिया है। हम काम में लेंगे, तब तो दौड़ेगा।
बहुत आभार और फिर बधाई…
अजित
बेहतरीन काम करता है आपका ये औज़ार , ये एक नई दिशा ही है , ढेर सारी शुभ कामनाएं
शर्मा जी पहली पहली बार यहाँ आने का मौका मिला| काफी कुछ है यहाँ हमारे काम का| आप का बहुत बहुत आभार जो हम सभी के लिए ऐसे ऐसे उपयोगी टूल्स मुहैया करवा रहे हैं| पुन: आभार|
बहुत बहुत बधाइयाँ … आपका प्रयास सच्चे अर्थों में हिंदी के लिए सार्थक कदम है… कोटिशः बधाइयाँ
बहुत बहुत बधाई हो पंडित जी,, और धन्यबाद इस बहुत उपयौगी टूल के लिए |
सॉफ्टवेयर विस्टा में कार्य नहीं कर रहा है, सुझाएँ कैसे कार्य करेगा
इस समय हिन्दी के विकास में आप जो भागीदारी दिखा रहे है वो आपको हिन्दी ग्रुप में अग्रिम पक्ति में खडा करती है |
आपकी मेहनत और हिंदी के प्रति जज्बे को सलाम। साथ ही बहुत बहुत शुक्रिया। विंडो ७ में चलेगा ना?
@अनुनाद सिंह,
आपकी प्रेरणा से ही यह कार्य सम्भव हुआ। आशा है भविष्य में और बेहतर काम कर सकूँगा।
@प्रवीण पाण्डेय,
मेरी जानकारी में तो अभी तक कोई ऐसा औजार नहीं है। अभी अंग्रेजी के ही हस्तलेखन समझू (रिकॉग्नीशन) औजार पूरी तरह सही काम नहीं करते, हिन्दी तो दूर की बात है।
@Darshan Lal Baweja, @amarjeet, @bhaskar,
आप सबका धन्यवाद जी।
@Sanjeet Tripathi,
आप जैसों (मतलब अखबार वालों) के लिये तो ऍक्सक्लूसिव गिफ्ट है जी।
@Umesh Partap Vats,
आवश्यकता आविष्कार की जननी होती है और इस टूल की आवश्यकता में आप भी शामिल थे।
@अविनाश वाचस्पति,
आ रहे हैं जी, मिठायी तैयार रखियेगा।
@Gyandutt Pandey,
धन्यवाद जी।
@प्राइमरी के मास्साब,
मास्साब मास्टर जी का तो रोल गाँव में बहुत होता है, आप भी हिन्दी सेवा कर सकते हैं (बल्कि कर ही रहे हैं) उसके लिये कोई प्रोग्रामर होना जरुरी थोड़े ही है। अधिक से अधिक लोगों को हिन्दी से जोड़िये, बस अपने आप सेवा होती है।
@अजित वडनेरकर,
जी हम सब किसी ने किसी अग्रज से सीखते या प्रेरणा पाते हैं, उनका आभार न जताना तो कृतघ्नता है।
@मयूर दुबे,
धन्यवाद जी।
@नवीन सी चतुर्वेदी,
जानकर अच्छा लगा कि मेरा लिखा या बनाया आपके लिये उपयोगी है। आशा है आगे से इधर चक्कर लगाते रहेंगे।
@पद्म सिंह, @रामकेश पटेल, @nareshsingh,
आप सबका धन्यवाद जी।
@yogendra pal,
क्या आपने डॉट नेट फ्रेमवर्क २.० इंस्टाल कर रखा है, यदि नहीं तो पहले वह इंस्टाल कर लें।
@सुशील कुमार छौक्कर,
बिलकुल चलेगा जी।
Hamare laptop pe install nahi ho pa raha hai.Hamare pass compaq hp laptop hai aur uspe window vista hai.Kripya madad karen.
तक आप जैसे लोग़ हिन्दी की सेवा में लगे हैं , हिंदी का वर्तमान और भविष्य दोनों उज्जवल रहेगा |
@chandan hassan
चन्दन जी इसे इंस्टाल करने की जरुरत नहीं है, सीधे चलेगा। हाँ .नेट फ्रेमवर्क २.० या आगे का इंस्टाल होना चाहिये।
@अवनीश सिंह,
धन्यवाद अवनीश जी।
राम राम पंडित जी
क्या कोई ऐसा कनवर्टर है जो वर्ड की फाइल में बनाए गए टेबल वर्क को भी रनिंग मैटर के साथ शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ क्रुतिदेव>यूनिकोड>क्रुतिदेव में कन्वर्ट कर दे?
आपका ब्लॉग बहुत ही अच्छा है
@JATDEVTA SANDEEP,
राम राम जी। कैसे हैं आप?
@कुमार राधारमण,
कुमार जी वर्ड में फॉर्मेटिंग बरकरार रखने हेतु मैक्रो कन्वर्टर उपलब्ध है। इस साइट पर देखें – टैक्निकल हिन्दी।