इण्डिक आइऍमई में रेमिंगटन लेआउट द्वारा आ या आ की मात्रा (ा) के ऊपर चन्द्रबिन्दु कैसे टाइप करें
माइक्रोसॉफ्ट का इण्डिक आइऍमई रेमिंगटन कीबोर्ड लेआउट द्वारा यूनिकोड हिन्दी टाइप करने के लिये सबसे लोकप्रिय औजार है। यह औजार हिमांशु भाई के हिन्दी टूलकिट तथा मेरे इण्डिक ऍक्सपी प्लस में शामिल है। कई बार लोग मुझसे पूछते हैं कि इस औजार द्वारा आ के डंडे के ऊपर चन्द्रबिन्दु कैसे टाइप किया जाय।
इण्डिक आइऍमई में रेमिंगटन लेआउट से जब आप पहले अर्धचन्द्र (ॅ चिह्न, मॅक वाला), फिर बिन्दी (ं) टाइप करते हैं तो वह अपने-आप चन्द्रबिन्दु (ँ) में बदल जाता है यानि हँस = ह + ॅ + ं + स क्रम से बनेगा। दूसरी ओर जब आप आ या आ की मात्रा (ा) के बाद क्रमशः ॅ तथा ं टाइप करते हैं तो वे चन्द्रबिन्दु में नहीं बदलते, अलग-अलग रहते हैं। उदाहरण के लिये आप चाँद लिखने के लिये पहले च, फिर आ का डंडा (ा), फिर ॅ, फिर ं तथा अन्त में द दबायें तो वह चाँद की बजाय चॉंद छपेगा यानि ॅ तथा ं अलग-अलग रहे, चन्द्रबिन्दु में नहीं बदले। इस समस्या के चलते कई लोग चन्द्रबिन्दु (अनुनासिक) के बजाय बिन्दी (अनुस्वार) से काम चलाते हैं तथा अशुद्ध वर्तनी लिखने को मजबूर होते हैं जैसे चाँद की बजाय चांद। कुछ लोग चॉंद जैसे ही लिखकर काम चलाते हैं।
खुशकिस्मती से इस समस्या का हल मौजूद है और वो भी बिलकुल आसान। आपको बस ये करना है कि आ के डंडे के बाद अर्धचन्द्र (ॅ) दबाने से पहले एक बार दायीं ऐरो की दबानी है फिर ॅ तथा ं चन्द्रबिन्दु में बदल जायेंगे। उदाहरण के लिये चाँद लिखने के लिये आपको यह क्रम अपनाना होगा – पहले च, फिर ा, फिर दायीं ऐरो की, फिर ॅ, फिर ं तथा अन्त में द यानि चाँद = च + ा + दायीं ऐरो की + ॅ + ं + द
दरअसल इस समस्या का मूल रेमिंगटन लेआउट के हिन्दी व्याकरण तथा यूनिकोड ऍन्कोडिंग के अनुकूल न होने में है। इस बारे में विस्तार से फिर कभी चर्चा करूँगा। रेमिंगटन मूलतः मैकेनिकल टाइपराइटर के लिये बना था जिसमें कम्प्यूटर की तरह संयुक्ताक्षर आदि स्वचालित रूप से प्रकट नहीं हो सकते थे अतः उन्हें अलग-अलग विभिन्न कुञ्जियों पर स्थान दिया गया। चन्द्रबिन्दु को अर्धचन्द्र के ऊपर बिन्दी टाइप कर बनाया जाता था। बाद में कम्प्यूटर में हिन्दी में शब्द-संसाधन (वर्ड प्रोसैसिंग) शुरु होने पर कृतिदेव जैसे नॉन-यूनिकोड फॉण्टों में चन्द्रबिन्दु को ऑल्ट कोड के द्वारा टाइप किया जाने लगा। शायद ऑल्ट कोड दबाने के झंझट से बचने के लिये ही अखबार वालों ने चन्द्रबिन्दु के स्थान पर बिन्दी को ही लगाना शुरु कर दिया। चाणक्य परिवार के फॉण्टों के टाइपिंग औजार ४सी लिपिका में चन्द्रबिन्दु का बिन्दी के साथ शिफ्ट अवस्था में प्रावधान किया गया है।
यूनिकोड के आगमन पर रेमिंगटन लेआउट के लिये यूनिकोड टाइपिंग औजार बनाने पर ऐसी समस्यायें आयी जिस कारण रेमिंगटन टाइपिंग औजारों में कई देवनागरी वर्ण उपलब्ध नहीं होते। इण्डिक आइऍमई में सामान्य वर्ण के लिये चन्द्रबिन्दु टाइप करने का प्रावधान तो कर दिया गया लेकिन आ के डंडे वाले वर्ण के लिये नहीं किया गया। शायद ऐसा इसलिये नहीं किया गया होगा कि कॉंग्रेस, रॉंग जैसे कुछ शब्दों में ॅ तथा ं आते हैं। अच्छा यही होता कि ४सी लिपिका की तरह चन्द्रबिन्दु को बिन्दी के साथ शिफ्ट में रखा जाता क्योंकि वर्तमान में इसकी शिफ्ट में आ का डंडा (ा) है जो कि पहले ही दूसरी कुञ्जी k पर मौजूद है।
खैर आशा है कि इस समस्या का उपर्युक्त समाधान आपके लिये उपयोगी साबित होगा तथा इस विधि से आप चन्द्रबिन्दु टाइप कर पायेंगे।
How to type chandrabindu over aa matra using Remington layout in Indic IME























सरकारी दफ़त्रों में आज भी हिन्दी के लोग भर्ती हैं जिनका काम हिन्दी में आई चिघ्ठियों के जवाब तोतों की तरह हिन्दी में टाइप करके भेजना होता है. पता नहीं यह जमात कितने दिन जीवित रहेगी क्योंकि ट्रांसलिटरेशन जैसी सुविधाओं ने आम आदमी के लिए हिंदी टाइपिंग इतनी सुगम कर दी है कि वे छोटी मोटी चिट्ठियां तो अब खुद ही निकाल लेते हैं. मुझे उस दिन प्रसन्नता होगी जिस दिन आम लोग अंग्रेज़ी ही की तरह हिन्दी व दूसरी भारतीय भाषाएं आसानी से कंप्यूटर पर टाइप कर लिया करेंगे. आइ.ऍम.ई. इस दिशा में एक बहुत बड़ा क़दम है; इस क्षेत्र से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए मेंरे पास तो शब्द ही नहीं हैं.
हिन्दी टाइपिंग के लिए कोई किबोर्ड चाहिए. क्या किसी के पास कोई सुझाव है? वैसे मैंने सिडेक (CDAC) कि श्रुति लेखन सॉफ्टवेयर खरीद के श्रुति के जरिये टाइप करने कि कोशिश कि है. मुझे श्रुति के जरिये टाइप करने का विचार अच्छा लगा. पर परिणाम बेहद बेकार है. ऐसा लगाता है कि पैसा नष्ट हो गया. उनसे तो बिक्री के बात का सहयोग भी नही मिल रहा है. किसी के पास हिन्दी कीबोर्ड कि कोई जानकारी हो तो कृपया बताये.
समझाने के लिए इतनी अच्छी पोस्ट लगाने के लिए धन्यवाद।
धन्यवाद
क्या मैं कृतिदेव फॉन्ट को इंस्क्रिप्ट कीबोर्ड की तरह टाइप कर सकता हूँ।