स्वाइप टेलीकॉम ने लॉञ्च किये तीन सस्ते टैबलेट, कीमत ₹ ६००० से शुरु
स्वाइप टेलीकॉम नामक कम्पनी ने भारत में तीन नये बजट टैबलेट पेश किये हैं। इनके नाम क्रमशः Swipe 3D Life Tab X74, Swipe Halo Tab X74S तथा Swipe Float Tab X78 हैं। ये तीनों टैबलेट ऍण्ड्रॉइड ४.०.३ (आइस क्रीम सैंडविच) युक्त हैं जिसमें कि हिन्दी समर्थन उपलब्ध है। इनकी कीमत ₹ ६,००० से ₹ ९,००० के बीच है।

Swipe 3D Life Tab X74
पहला टैबलेट है Swipe 3D Life Tab X74 जो कि ६,००० रुपये का है। इसकी मुख्य विशेषता है कि इसे भारत के पहले ३डी टैबलेट के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। ३डी सामग्री देखने के लिये इसके साथ एक चश्मा मिलता है। इसमें १.५ गीगाहर्ट्ज प्रोसैसर तथा ५१२ ऍमबी रैम है। इसकी ७ इंच की कैपेस्टिव स्क्रीन ८००x४८० रिजॉल्यूशन युक्त है। इसमें ४ जीबी आन्तरिक मेमोरी तथा ३२ जीबी तक की क्षमता का कार्ड स्लॉट है। इसका फ्रंट कैमरा २ मेगापिक्सल का है, रियर कैमरा नहीं है। कनैक्टिविटी के लिये वाइ-फाइ तथा ब्ल्यूटुथ के विकल्प हैं। सिम कार्ड स्लॉट नहीं है हालाँकि इंटरनेट (२जी/३जी) प्रयोग करने हेतु ऍक्सटर्नल ३जी डोंगल लगा सकते हैं। टैबलेट में आइडिया ३जी तथा रिलायंस नेटसैटर डोंगल हेतु समर्थन है। बैट्री ३,४०० mAh की है। केवल ३२५ ग्राम वजनी इस टैबलेट की अन्य सुविधाओं में फ्लैश समर्थन, यूऍसबी OTG (ऑन-द-गो) पोर्ट, ३.५ ऍमऍम ऑडियो जैक तथा टीवी आउट पोर्ट आदि शामिल हैं। यह फुल ऍचडी वीडियो प्ले कर सकता है तथा गूगल प्ले (ऍण्ड्रॉइड का ऍप्लिकेशन स्टोर) के जरिये ढेरों ऍप्स उपलब्ध हैं। ऑफिस दस्तावेजों को पढ़ने हेतु ऑलिव ऑफिस प्रीमियम है। कुछ ३डी गेम भी शामिल हैं।
Swipe Float Tab X78
दूसरा टैबलेट है Swipe Float Tab X78 जो कि ७,००० रुपये का है। इसमें १.५ गीगाहर्ट्ज का प्रोसैसर, ३५० मेगाहर्ट्ज का ग्राफिक्स प्रोसैसर, ५१२ ऍमबी रैम, ५ प्वाइंट टच वाली ७ इंच की कैपैस्टिव स्क्रीन, २ मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा, OTG सुविधा युक्त मिनी यूऍसबी पोर्ट आदि शामिल हैं। इसमें ८ जीबी की आन्तरिक मेमोरी एवं कार्ड स्लॉट है जिसमें ३२ जीबी तक का कार्ड लगा सकते हैं। कनैक्टिविटी के लिये वाइ-फाइ तथा ब्ल्यूटुथ के विकल्प हैं। सिम कार्ड स्लॉट नहीं है हालाँकि इंटरनेट (२जी/३जी) प्रयोग करने हेतु ऍक्सटर्नल ३जी डोंगल लगा सकते हैं। टैबलेट में आइडिया ३जी, डोकोमो ३जी तथा टाटा फोटॉन प्लस डोंगल हेतु समर्थन है। इसकी बैट्री ३,००० mAh की है। मैटेलिक बॉडी वाले इस टैबलेट का वजन केवल २९५ ग्राम है। यह कई फॉर्मेट के ऑडियो-वीडियो चला सकता है। इसमें कुछ प्रचलित ईबुक फॉर्मेट हेतु रीडर भी उपलब्ध है।
Swipe Halo Tab X74S
तीसरा सबसे महंगा वाला है Swipe Halo Tab X74S जो कि ९,००० रुपये का है। इसमें १.२ गीगाहर्ट्ज का प्रोसैसर, ग्राफिक्स प्रोसैसर, १ जीबी रैम, ८००x४८० पिक्सल रिजॉल्यूशन वाली ७ इंच की ५ प्वाइंट टच कैपैस्टिव स्क्रीन आदि शामिल है। इसमें ४ जीबी की आन्तरिक मेमोरी तथा ३२ जीबी तक की क्षमता वाला कार्ड स्लॉट है। इसमें १.९ मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे के अतिरिक्त २ मेगापिक्सल मुख्य रियर कैमरा भी है। इसकी बैट्री ३,८०० mAh की है। इसकी अतिरिक्त सुविधाओं में HDMI पोर्ट, रियर कैमरा तथा सिम कार्ड स्लॉट शामिल हैं। सिम कार्ड द्वारा वॉइस कॉल की जा सकती है और शायद इंटरनेट (२जी) भी चलाया जा सकता है। ३जी न तो सिम कार्ड और न ही डोंगल द्वारा चलाया जा सकता है। इसका वजन बाकी दोनों से थोड़ा ज्यादा (३९५ ग्राम) है। बाकी ऑलिव ऑफिस प्रीमियम, ईबुक रीडर, फ्लैश आदि सुविधायें इसमें भी शामिल हैं। इसमें दो यूऍसबी पोर्ट हैं, एक तो सामान्य और दूसरा यूऍसबी ऑन-द-गो सुविधा युक्त।
एक बात अजीब है कि सस्ते ₹ ७,००० वाले में महंगे ₹ ९,००० वाले की बजाय अन्तर्निर्मित मेमोरी ज्यादा है, साथ ही ३डी सुविधा केवल सबसे सस्ते वाले मॉडल में ही है, बाकी दोनों में नहीं। जीपीऍस सुविधा इन तीनों में ही नहीं है। कीमत और फीचर की तुलना करने पर ₹ ६,००० वाला सबसे सही सौदा लगता है। यह माइक्रोमैक्स के फनबुक टैबलेट को कड़ी टक्कर देता है तथा अधिकतर मामलों में उससे बेहतर फीचर युक्त है। यदि इसमें सिम कार्ड द्वारा कम से कम २जी (GPRS/EDGE) द्वारा नेट चलाने की भी सुविधा इनबिल्ट होती तो यह एक परफैक्ट टैबलेट होता। भारत में वाइ-फाइ सुविधा इतनी सर्वसुलभ नहीं और डोंगल द्वारा नेट चलाना झंझट का काम है। इसलिये हम इन्तजार कर रहे हैं पाँच-छह हजार की रेंज में इन्हीं स्पैसिफिकेशन वाले किसी टैबलेट का जिसमें ३जी सुविधा सिम कार्ड द्वारा इनबिल्ट उपलब्ध हो।
X78 टैबलेट का डेमो देखें।
स्वाइप के ये टैबलेट फ्लिपकार्ट, स्नैपडील, ईबे जैसे ऑनलाइन स्टोरों पर उपलब्ध हैं। स्वाइप टेलीकॉम का इरादा भारत में २५,००० रिटेल स्टोर खोलने का भी है। कैलीफॉर्निया की स्वाइप टेलीकॉम के संस्थापक श्रीपाल गाँधी तथा अमन गुप्ता भारतीय हैं। इन टैबलेटों के बारे में अधिक जानकारी के लिये कम्पनी की वेबसाइट पर जायें।
Swipe Telecom launches three budget ICS tablets in India























रोचक होती प्रतियोगिता।
हाँ जी, आशा है अगले साल तक ग्राहक के पास ढेरों अच्छे विकल्प होंगे।
इसके हैलो वर्जन में सिम द्वारा नेट चलाने की सुविधा नहीं है और डोंगल से नेट चल सकता है। हिन्दी लिखने की सुविधा या हिन्दी भाषा विकल्प भी नहीं है। ये दोनों कमियां दूर कर दी जाये तो बहुत अच्छा गैजेट हो सकता है।
कम्पनी अभी बुकिंग कर रही है और मार्केट में रिटेल दुकानों पर अभी उपल्ब्ध नहीं है।
आशा है आप हमारे लिये सस्ता और हिन्दी समर्थित टैब्लेट जिसमें 3G सिम से नेट की सुविधा होगी किसी ना किसी से बनवा ही लायेंगे
प्रणाम स्वीकार करें
अन्तर सोहिल जी, जहाँ तक बात हिन्दी लिखने की है तो ऍण्ड्रॉइड ४.० से बाद वाले किसी भी टैबलेट में हिन्दी सही दिखती है और इसके ऍप्लिकेशन स्टोर में उपलब्ध किसी भी हिन्दी कीबोर्ड को इंस्टाल करके हिन्दी लिखी जा सकती है।
अक्तूबर में गूगल के सस्ते नैक्सस ७ टैबलेट का ३जी मॉडल आने की सम्भावना जताई जा रही है। यदि वह आ जाता है तो वह कम कीमत वर्ग में सबसे अच्छा विकल्प होगा।
HCL ME Tablet Y2 – with sim पर भी थोडा प्रकाश डालियेगा।
हमें समझने में सुविधा हो जायेगी। वैसे इसमें भी नेट सिम की बजाय डोंगल से चलेगा और हिन्दी समर्थन नहीं है।
प्रणाम
सोहिल जी, इस कीमत में HCL जैसी कम्पनी का टैबलेट खरीदना सही नहीं। इस कीमत में या इससे थोड़ी ज्यादा में ऍसर, आसुस, लेनोवो आदि के टैबलेट हैं। साढ़े उन्नीस हजार का तो सैमसंग का ही है।
आपका हार्दिक धन्यवाद
हम जैसे भी आपके सहारे ही टैबलेट खाने को तैयार हैं
हम भी इन्तजार कर रहे हैं कि सही कीमत में स्वादिष्ट सा टैबलेट आये और खा डालें।
पाँच-छह हजार की रेंज में ३जी सिम कार्ड इनबिल्ट सुविधा वाला टैबलेट उपलब्ध होने पर अवश्य लिखे
जिसे मै सिर्फ आपके सलाह पर लूगाँ