Archive for the ‘टैबलेट’ Category

नैक्सस ७ टैबलेट भारत में आधिकारिक रूप से जारी, प्रीबुकिंग शुरु @₹१६,०००

Wednesday, March 27th, 2013

गूगल का आसुस द्वारा निर्मित प्रसिद्ध नैक्सस ७ टैबलेट (१६ जीबी, वाइ-फाइ) भारत में प्ले स्टोर पर प्रीबुकिंग के लिये उपलब्ध हो गया है। इसकी कीमत १६,००० रुपये है। यह वाइ-फाइ ओनली मॉडल है, ३जी तथा ३२ जीबी मॉडल अभी उपलब्ध नहीं हैं।

Google Nexus 7

७ इंच १२००×८०० स्क्रीन, टेग्रा ३ क्वाड कोर प्रोसैसर, १ जीबी रैम तथा ऍण्ड्रॉइड ४.२ (जैली बीन) युक्त यह टैबलेट वैश्विक तौर पर काफी लोकप्रिय हुआ। इसकी कमियों की बात करें तो मेमोरी कार्ड स्लॉट तथा HDMI पोर्ट का न होना खलता है। इन दो कमियों के बावजूद कम कीमत के चलते यह अच्छा सौदा है। नैक्सस ७ की पूरी समीक्षा यहाँ पढ़ें।

इससे पहले भी भारत में कुछ वेबसाइटें भारत में इम्पोर्टिड नैक्सस ७ बेच रही थी पर आधिकारिक रूप से यह अब ही उपलब्ध हुआ है। इम्पोर्टिड वाले अधिक महँगे भी थे तथा उन पर वारंटी भी नहीं थी जबकि इस पर एक साल की वारंटी भी है। इसे गूगल प्ले स्टोर पर यहाँ से बुक किया जा सकता है। शिपिंग ५ अप्रैल से शुरु होगी।

Nexus 7 prebooking starts in India

जिंक लाया सस्ते ८ इंच तथा ९.७ इंच क्वाड कोर टैबलेट

Sunday, March 10th, 2013

भारतीय निर्माता जिंक ने ८ इंच तथा ९.७ इंच आकार के दो क्वाड कोर प्रोसैसर युक्त टैबलेट जारी किये हैं। क्वाड ८.० तथा क्वाड ९.७ नामक ये टैबलेट ऍण्ड्रॉइड ४.१ संस्करण युक्त हैं। ये दोनों टैबलेट स्पैसिफिकेशन के हिसाब से लगभग एक जैसे हैं। क्वाड ९.७ की स्क्रीन काफी हाइ रिजॉल्यूशन युक्त है। इनकी कीमत क्रमशः १३,००० रुपये तथा १४,००० रुपये है।

आइये पहले इनकी स्पैसिफिकेशन पर नजर डालें।

जिंक क्वाड ८.०

» ८ इंच १० प्वाइँट मल्टीटच स्क्रीन, १०२४×७६८ पिक्सल रिजॉल्यूशन

» १.५ गीगाहर्ट्ज क्वाड कोर प्रोसैसर, ८ कोर Mali-400 MP4 जीपीयू

» २ जीबी रैम

» १६ जीबी आन्तरिक स्टोरेज, ३२ जीबी तक की क्षमता का मेमोरी कार्ड स्लॉट

» ५ ऍमपी रियर कैमरा, २ ऍमपी फ्रंट कैमरा

» वाइ-फाइ, ३जी नहीं

» यूऍसबी पोर्ट

» HDMI पोर्ट, ३.५ ऍमऍम ऑडियो जैक

» ऍक्सलरोमीटर, ग्रेविटी सेंसर

» वजन ४७१ ग्राम

» ब्ल्यूटुथ नहीं, सिम स्लॉट नहीं

» ५,४०० mAh बैट्री

» ऍण्ड्रॉइड ४.१ (जैली बीन) ऑपरेटिंग सिस्टम

जिंक क्वाड ९.७

» ९.७ इंच १० प्वाइँट मल्टीटच LED-बैकलिट सुपर HD IPS स्क्रीन, २०४८×१५३६ पिक्सल रिजॉल्यूशन, १६ मिलियन कलर्स

» १.५ गीगाहर्ट्ज क्वाड कोर प्रोसैसर, ८ कोर Mali-400 MP4 जीपीयू

» २ जीबी रैम

» १६ जीबी आन्तरिक स्टोरेज, ३२ जीबी तक की क्षमता का मेमोरी कार्ड स्लॉट

» ५ ऍमपी रियर कैमरा, २ ऍमपी फ्रंट कैमरा

» वाइ-फाइ, ३जी नहीं

» यूऍसबी पोर्ट

» HDMI पोर्ट, ३.५ ऍमऍम ऑडियो जैक

» ऍक्सलरोमीटर, ग्रेविटी सेंसर

» वजन ६०३ ग्राम

» ब्ल्यूटुथ नहीं, सिम स्लॉट नहीं

» ८,००० mAh बैट्री

» ऍण्ड्रॉइड ४.१ (जैली बीन) ऑपरेटिंग सिस्टम

अधिक जानकारी जिंक की साइट पर क्वाड ८.० तथा क्वाड ९.७ के पन्ने पर देखें। दोनों का माइक्रो यूऍसबी पोर्ट यूऍसबी OTG (ऑन-द-गो) क्षमता युक्त है जिससे कीबोर्ड तथा माउस आदि उपकरण जोड़ कर प्रयोग किये जा सकते हैं। HDMI पोर्ट के जरिये डिस्प्ले को ऍचडीटीवी या प्रोजैक्टर आदि बड़ी स्क्रीन पर देखा जा सकता है। ब्रश्ड ऍल्युमिनियम बॉडी फिनिश वाले ये टैबलेट काले तथा सफेद रंगों में उपलब्ध हैं। क्वाड ९.७ में जिंक का टैबलेट कीबोर्ड (अलग से खरीदना होगा) जोड़कर उसे नेटबुक की तरह प्रयोग किया जा सकता है।

जैसा कि आपने देखा दोनों मॉडलों में मुख्य अन्तर केवल स्क्रीन आकार/रिजॉल्यूशन तथा बैट्री क्षमता का है। कीमत में केवल १,००० रुपये का अन्तर होने से मैं बड़े वाले को प्राथमिकता दूँगा। क्वाड ९.७ एक आदर्श फुल साइज टैबलेट है। यदि ३जी वाले मॉडल का विकल्प भी मिलता तो और बेहतर होता। अपनी स्पैसिफिकेशन तथा कीमत के चलते यह टैबलेट क्षेत्र का कैन्वस ऍचडी साबित हो सकता है। ये टैबलेट फ्लिपकार्ट, ट्रेडस, स्नैपडील, इन्फीबीम आदि ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर बिक्री के लिये उपलब्ध होंगे।

जिंक इससे पहले Z1000 नामक ९.७ इंच आकार का ३जी टैबलेट ला चुका है। यदि क्वाड ९.७ में ३जी तथा ब्ल्यूटुथ सुविधा उपलब्ध हो तो यह सर्वश्रेष्ठ बजट फुल साइज टैबलेट होगा।

Zinc Quad 8.0 and Quad 9.7 – budget quad core tablets

एसर आइकॉनिया W510 – विण्डोज़ ८ युक्त टैबलेट-कम-लैपटॉप भारत में जारी

Thursday, January 31st, 2013

एसर  ने भारत में विण्डोज़ ८ युक्त नया टैबलेट W510 जारी किया है। १.३२ पाउंड वजनी इस टैबलेट में इंटैल का ऍटम प्रोसैसर तथा विण्डोज़ ८ प्रो है।

Acer Iconia Tab W510

डिवाइस का लुक ऍल्युमिनियम जैसा है लेकिन यह असल में मेट फिनिश युक्त पॉलीमर से बना है जो कि धूल तथा फिंगरप्रिंट का प्रतिरोधी है। डॉक में लगाने यह २७० डिग्री तक घूम सकता है। डॉक की हिंज काफी मजबूत है। आइलैंड शैली का कीबोर्ड आरामदायक है तथा ३”×२” आकार का पर्याप्त बड़ा है। टैबलेट पर निचले किनारे के बीच में माइक्रोसॉफ्ट सरफेस की तरह एक कैपैस्टिव विण्डोज़ कुञ्जी है।

१.८ गीगाहर्ट्ज का ड्यूल कोर ऍटम प्रोसैसर Z2760 आइवी ब्रिज प्रोसैसरों से धीमा है परन्तु यह ARM मोबाइल प्रोससरों की तरह नौ घंटे की लम्बी बैट्री लाइफ दे सकता है। यह एक ३२-बिट सीपीयू है जिस पर विण्डोज़ ८ का केवल ३२-बिट संस्करण इंस्टॉल हो सकता है। यह इंटैल का प्रतिद्वन्दी ARM प्रोसैसरों को जवाब है जो कि अच्छी परफॉर्मेंस के साथ लम्बी बैट्री लाइफ भी देता है। इसकी १०.१ इंच की IPS स्क्रीन गोरिल्ला ग्लास से निर्मित है जिसका रिजॉल्यूशन १३६६×७६८ है। २ जीबी रैम प्रोसैसर को पर्याप्त सहायता प्रदान करती है। मुख्य कैमरा ८ मेगापिक्सल तथा फ्रंट कैमरा २ मेगापिक्सल है। इसके अतिरिक्त वाइ-फाइ, ब्ल्यूटुथ ४.० शामिल हैं। पोर्टों की बात करें तो माइक्रो यूऍसबी २.० तथा माइक्रो HDMI पोर्ट शामिल हैं।

Acer Iconia W510

इसमें ६४ जीबी सोलिड स्टेट ड्राइव है पर प्रयोक्ता को इसमें से केवल २० जीबी उपलब्ध रहती है जो ऍण्ड्रॉइड या आइओऍस वाले टैबलेट के लिये तो पर्याप्त है पर विण्डोज़ वाले डिवाइस के लिये नहीं। अधिक डाटा स्टोरेज के लिये आपको मेमोरी कार्ड लगाना पड़ेगा। यह लगभग २० सैकेंड में बूट होता है जो कि सोलिड स्टेट ड्राइव के लिहाज से थोड़ा ज्यादा है। कीबोर्ड डॉक में एक फुल साइज यूऍसबी २.० पोर्ट है तथा एक दूसरी बैट्री है जो बैट्री लाइफ को १८ घंटे तक बढ़ा देती है। कीबोर्ड डॉक के चिकलेट कीबोर्ड में की बड़ी होने से टाइपिंग के लिहाज से आरामदायक है। कीबोर्ड डॉक में एक ऍक्सट्रा बैट्री है जो कि बैकअप टाइम को दुगुणा कर देती है। इसमें एक और यूऍसबी २.० पोर्ट भी है। यह फुल ऍचडी वीडियो आराम से चला लेता है। स्पीकर बहुत तेज नहीं हैं इसलिये हैडफोन या ऍक्टर्नल स्पीकर का प्रयोग करना पड़ेगा। इस नवीनतम टैबलेट में यूऍसबी ३.० पोर्ट न होना निराशाजनक है। इसमें विण्डोज़ ८ प्रो का ३२-बिट संस्करण है। ऑफिस २०१० का एक ट्रायल संस्करण भी है। एसर ने इस लैपटॉप के साथ एक प्रीमियम लैदर कैरी केस भी दिया है। 

बिजनेस प्रयोक्ताओं के लिये अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में W510P नामक ८०० डॉलर वाला मॉडल भी है जिसमें कुछ चीजें अतिरिक्त हैं। इसमें विण्डोज़ ८ प्रोफैशनल, दो साल की वारंटी तथा ऍन्क्रिप्शन तकनीक है। W511 नामक एक और मॉडल इनबिल्ट ३जी सुविधा युक्त है। भारत में ही ये दोनों फिलहाल उपलब्ध नहीं।

इसकी आरम्भिक कीमत ४६,००० रुपये है। इसकी परफॉर्मेंस के लिहाज से यह सामान्य ऑफिस कार्यों, मल्टीमीडिया तथा हल्की-फुल्की गेमिंग के लिये ठीक है। हाँ सॉफ्टवेयर डैवलपमेंट, ग्राफिक्स, वीडियो ऍडीटिंग जैसे कार्यों के लिये यह उपयुक्त नहीं। ऐसे कार्यों के लिये कोर i3 या i5 प्रोसैसर वाला ही टैबलेट उपयुक्त रहेगा जो कि आम तौर पर ११.६ इंच आकार में उपलब्ध हैं। W510 का सुन्दर डिजाइन भी एक आकर्षक पहलू है। बैट्री लाइफ भी इसे टैबलेट के तौर पर उपयुक्त बनाती है।

इसकी कीमत यद्यपि ऍण्ड्रॉइड टैबलेटों या सामान्य लैपटॉपों की तुलना में ज्यादा है पर विण्डोज़ ८ वाले अन्य सभी वर्तमान हाइब्रिड डिवाइसों की तुलना में कम है। इतनी कीमत पर विण्डोज़ ८ वाला टैबलेट मिले जिसमें आप सामान्य (x86) विण्डोज़ ऍप्लिकेशन भी चला पायें तो विण्डोज़ RT वाला टैबलेट क्यों लिया जाय। यद्यपि ये कीमत अभी थोड़ी ज्यादा है क्योंकि विण्डोज़ ८ वाले हाइब्रिड डिवाइस अभी नये हैं, एकाध साल में आम हो जाने पर इनकी कीमत पहुँच में होगी।

Acer Iconia Tab W510 – Windows 8 tablet-cum-notebook

एसर ने भारत में जारी किया अपना ₹८,००० कीमत वाला बजट टैबलेट – Iconia B1

Saturday, January 19th, 2013

देसी कम्पनियों के बजट टैबलेटों की सफलता को देखते हुये अब ब्राँडिड कम्पनियाँ भी सस्ते टैबलेट लाने लगी हैं। नैक्सस ७, आइपैड मिनी आदि इसके कुछ उदाहरण हैं। अब जाना-माना लैपटॉप ब्राँड एसर ने भारतीय मार्केट में अपना ८,००० रुपये कीमत का टैबलेट जारी किया है। १.२ गीगाहर्ट्ज ड्यूल कोर प्रोसैसर तथा ऍण्ड्रॉइड ४.१ (जैली बीन) युक्त यह टैबलेट हाल ही में कंज्यूमर इलैक्ट्रॉनिक्स शो २०१३ में भी प्रदर्शित किया गया।

Acer Iconia Tab B1-A71 Specs, Price

इसकी स्पैसिफिकेशन निम्नलिखित हैं:-

» ७ इंच कैपैस्टिव मल्टीटच स्क्रीन, १०२४×६०० रिजॉल्यूशन

» मीडियाटैक ड्यूल कोर १.२ गीगाहर्ट्ज प्रोसैसर (MTK 8317T)

» ५१२ ऍमबी रैम

» ८ जीबी आन्तरिक स्टोरेज, ३२ जीबी तक की क्षमता का मेमोरी कार्ड स्लॉट

» ०.३ मेगापिक्सल वीजीए फ्रंट कैमरा

» वाइ-फाइ, ब्ल्यूटुथ ४.०, जीपीऍस

» ३.५ ऍमऍम ऑडियो/माइक जैक

» २,७१० mAh बैट्री

» ऍण्ड्रॉइड ४.१ (जैली बीन) ऑपरेटिंग सिस्टम

इसका वीडियो डेमो देखें

कुल मिलाकर इस कीमत के लिहाज से ये स्पैसिफिकेशन बस ठीक-ठाक हैं हालाँकि इनबिल्ट ३जी की कमी खलती है। यदि इसमें ऍचडी रिजॉल्यूशन (१२८०×७२०), १ जीबी रैम, १ या अधिक मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा तथा इनबिल्ट ३जी होता तो यह एक परफैक्ट बजट टैबलेट होता।  इससे लगभग १,००० रुपये कम में यही सब (बल्कि कुछ अतिरिक्त फीचर जैसे १ जीबी रैम) विक्डलीक वैमी डिजायर टैबलेट में उपलब्ध है। मैं 3,००० रुपये और खर्च करके बेहतर फीचर्स तथा इनबिल्ट ३जी वाला आइबेरी Auxus CoreX2 3G खरीदने की सलाह दूँगा। हाँ यदि आप ब्राँडिड गैजेट्स के शौकीन हैं तो यह आपके लिये एक अच्छा सौदा है।

Acer Iconia B1 tablet launched in India

आइबेरी ने पेश किये ड्यूल कोर एवं क्वाड कोर (सैमसंग) प्रोसैसर युक्त दो बजट टैबलेट – Auxus CoreX2 3G तथा Auxus CoreX4 3G

Sunday, December 30th, 2012

आइबेरी नामक भारतीय टैबलेट निर्माता कम्पनी के कुछ टैबलेट पहले आये हैं लेकिन हाल ही में इसने दो बेहतरीन बजट टैबलेट जारी किये हैं। इनके नाम iBerry Auxus CoreX2 3G तथा iBerry Auxus CoreX4 3G हैं जिनकी कीमत क्रमशः ११,००० रुपये तथा १६,००० रुपये है। इनमें से ९.७ इंच वाले की मुख्य विशेषता सैमसंग के Exynos क्वाड कोर प्रोसैसर युक्त होना है। इनबिल्ट ३जी सुविधा इनका एक और मुख्य आकर्षण है, साथ ही इनसे वॉइस कॉल भी की जा सकती है। इन दोनों की एक अन्य विशेषता ६४ जीबी तक की क्षमता का मेमोरी कार्ड स्लॉट है, आमतौर पर अधिकतर टैबलेट में यह ३२ जीबी तक सपोर्ट करता है। बाकी हार्डवेयर भी समकक्ष टैबलेट मॉडलों से बेहतर ही हैं। Auxus CoreX4 सम्भवतः किसी देसी कम्पनी का क्वाड कोर प्रोसैसर वाला पहला टैबलेट है।

iBerry Auxus CoreX2 3G Tablet

Auxus CoreX2 3G एक ७ इंची टैबलेट है जिसकी हाइडैफीनीशन IPS स्क्रीन १२८०×८०० रिजॉ़ल्यूशन वाली है जो कि शायद ही किसी देसी बजट टैबलेट में हो। अन्य मुख्य विशेषताओं में १.६ गीगाहर्ट्ज ड्यूल कोर प्रोसैसर, १ जीबी रैम, ८ जीबी इनबिल्ट स्टोरेज तथा ४,१०० mAh बैट्री है। साथ ही यह नवीनतम ऍण्ड्रॉइड ४.१ (जैली बीन) संस्करण युक्त है। इसकी कीमत लगभग ११,००० रुपये है। इस कीमत में यह बाजार में उपलब्ध सबसे सस्ते ३जी टैबलेटों में से एक है। पूरी स्पैसिफिकेशन की सूची नीचे देखें।

iBerry Auxus CoreX2 3G specifications

यदि इसमें फ्रंट कैमरा १.३ मेगापिक्सल या बेहतर होता तो यह परफैक्ट ७ इंची टैबलेट होता।

iBerry Auxus CoreX4 3G Tablet

दूसरे टैबलेट Auxus CoreX4 3G की IPS पैनल वाली स्क्रीन ९.७ इंच की है जो कि १०२४×७६८ रिजॉल्यूशन वाली है। इसमें १.६ गीगाहर्ट्ज का सैमसंग Exynos 4412 क्वाड कोर प्रोसैसर तथा २ जीबी रैम है। यह वही प्रोसैसर है जो सैमसंग के गैलैक्सी S III तथा गैलैक्सी नोट II में प्रयुक्त हुआ है। ऍण्ड्रॉइड ४.० (आइसक्रीम सैंडविच) युक्त इस टैबलेट में १६ जीबी इनबिल्ट स्टोरेज तथा बड़ी ७,२०० mAh बैट्री है। इसकी कीमत लगभग १६,००० रुपये है। पूरी स्पैसिफिकेशन की सूची नीचे देखें।

 

iBerry Auxus CoreX4 3G specifications

अजीब बात है कि बड़ी स्क्रीन (साथ ही महँगे मॉडल) वाले टैबलेट में रिजॉल्यूशन कम है जबकि इसमें उल्टे ज्यादा होनी चाहिये थी नहीं तो कम से कम छोटे के बराबर HD तो होती। दूसरी बात सस्ते वाले में नवीनतम ऍण्ड्रॉइड ४.१ संस्करण है जबकि महँगे वाले में पुराना ऍण्ड्रॉइड ४.० संस्करण। इसके अतिरिक्त एक कमी जो दोनों टैबलेट में है, फ्रंट कैमरे का वीजीए होना। अच्छी वीडियो चैटिंग के लिये फ्रंट कैमरा कम से कम १.३ मेगापिक्सल होना चाहिये। साथ ही रियर कैमरा ५ मेगापिक्सल (या बेहतर) होता तो ज्यादा अच्छा था।

निश्चय ही ये दोनों अपने-अपने आकार वर्ग में बेहतरीन बजट टैबलेट हैं। खासकर Auxus CoreX2 ऍचडी रिजॉल्यूशन स्क्रीन, ऍण्ड्रॉइड ४.१ तथा ११,००० रुपये कीमत के चलते इस समय उपलब्ध सर्वश्रेष्ट (इनबिल्ट ३जी वाला) ७ इंची बजट टैबलेट है। चित्रों से इनका डिजाइन भी अच्छा मालूम पड़ता है। ये टैबलेट आइबेरी की वेबसाइट से खरीदे जा सकते हैं।

iBerry Auxus CoreX2 3G and Auxus CoreX4 3G review

विक्डलीक वैमी डिजायर – ड्यूल कोर प्रोसैसर वाला सर्वश्रेष्ठ बजट टैबलेट @₹६,५००

Thursday, December 13th, 2012

भारतीय मार्केट में उपलब्ध अधिकतर बजट टैबलेट ७ इंच डिस्प्ले, १ गीगाहर्ट्ज सिंगल कोर प्रोसैसर, ५१२ ऍमबी रैम, ४ जीबी इनबिल्ट स्टोरेज तथा ऍण्ड्रॉइड ४.० (आइस क्रीम सैंडविच) ऑपरेटिंग सिस्टम वाले होते हैं। इनकी कीमत ५,००० से ७,००० रुपये के आसपास होती है। विक्डलीक का वैमी डिजायर टैबलेट इस बजट में न केवल बेहतर हार्डवेयर बल्कि ऍण्ड्रॉइड ४.१ संस्करण युक्त है।

WickedLeak Wammy Desire Tablet

आइये नजर डालते हैं इसकी स्पैसिफिकेशन पर,

» ७ इंच ५ प्वाइँट टच स्क्रीन, ८००×४८० तथा १०२४×६०० पिक्सल रिजॉल्यूशन

» १.५ गीगाहर्ट्ज कॉरटैक्स A9 ड्यूल कोर प्रोसैसर, ४०० माली क्वाड कोर जीपीयू

» १ जीबी DDR3 रैम

» ८ जीबी आन्तरिक स्टोरेज, ३२ जीबी तक की क्षमता का मेमोरी कार्ड स्लॉट

» १.३ मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा, रियर कैमरा नहीं

» मिनी यूऍसबी पोर्ट, मिनी HDMI पोर्ट

» वाइ-फाइ, इनबिल्ट ३जी नहीं

» ३,००० mAh बैट्री

» ऍण्ड्रॉइड ४.१ (जैली बीन) ऑपरेटिंग सिस्टम

अब इसके डिजाइन, स्पैसिफिकेशन, फीचर्स तथा प्रदर्शन पर विस्तार से बात करते हैं।

डिजाइन

९.९ मिलीमीटर पतली वैमी डिजायर का लुक आम टैबलेट से थोड़ा हटकर है। यह किसी सामान्य टैबलेट की बजाय किसी कार नैवीगेशन सिस्टम जैसा दिखता है। यह औरों की बजाय थोड़ा भारी है तथा स्क्रीन के चारों तरफ काला बॉर्डर है। डिस्प्ले के किनारे पर एक सिल्वर मेट फिनिश है जो इसे कार नैवीगेशन सिस्टम जैसी लुक देता है। पिछला हिस्सा टैक्सचर युक्त है जो कि इसे प्रीमियम लुक तो देता ही है साथ ही अच्छी पकड़ भी देता है। यह सफेद तथा काले रंग में आता है।

इसकी एक और चीज जो इसे आम टैबलेट से अलग बनाती है वो है कनैक्टिविटी पोर्ट्स का उल्टी साइड होना। टैबलेट की दायीं तरफ HDMI पोर्ट, यूऍसबी पोर्ट, चार्जिंग पोर्ट, मेमोरी कार्ड स्लॉट आदि हैं जबकि बायीं तरफ ऑडियो जैक, वॉल्यूम रॉकर तथा पावर बटन हैं। कुल मिलाकर दूसरी बजट टैबलेट के मुकाबले इसका डिजाइन अच्छा है।

फीचर तथा स्पैसिफिकेशन

ड्यूल कोर प्रोसैसर, १ जीबी रैम तथा ऍण्ड्रॉइड ४.१ तीन ऐसी फीचर हैं जो इस कीमत के दूसरे बजट टैबलेट में नहीं मिलती। दूसरी टैबलेट्स के सिंगल कोर प्रोसैसर के मुकाबले ड्यूल कोर, ५१२ ऍमबी रैम के मुकाबले १ जीबी रैम, ०.३ मेगापिक्सल वीजीए फ्रंट कैमरे की बजाय १.३ मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा, ४ जीबी ऑनबोर्ड स्टोरेज के मुकाबले ८ जीबी स्टोरेज तथा ऍण्ड्रॉ़इड ४.० के मुकाबले ऍण्ड्रॉइड ४.१ है। ८ जीबी की ऑनबोर्ड स्टोरेज में से २.७ जीबी तो ऑपरेटिंग सिस्टम तथा प्रीलोडिड ऍप्स ले लेती हैं, प्रयोक्ता को ऍप्स इंस्टॉल करने तथा डाटा स्टोर करने हेतु ५.३ जीबी उपलब्ध रहता है।

अच्छे हार्डवेयर स्पैक्स तथा ऍण्ड्रॉइड ४.१ में प्रोजैक्ट बटर फीचर के चलते इसका प्रदर्शन काफी अच्छा है। इसकी स्क्रीन वीडियो देखने के लिेये बढ़िया है जो कि फुल ऍचडी वीडियो को भी अच्छे से चलाती है हालाँकि ऑडियो क्वालिटी अच्छी नहीं है। प्रोसैसिंग पावर के चलते इस पर गेम्स भी अच्छी खेली जा सकती हैं। इसकी टचस्क्रीन का टच रिस्पॉन्स औसत है। टैबलेट के साथ एक कैपैस्टिव स्टायलस भी आती है जिससे सर्फिंग आदि का काम बेहतर तरीके से किया जा सकता है।

घर पर तो आप वाइ-फाइ से इंटरनेट चलवा सकते हैं और बाहर ३जी डोंगल लगाकर। इसमें रिलायंस, एयरटेल तथा आइडिया की ३जी डोंगल का समर्थन है जिनकी सूची इसकी वेबसाइट पर देखी जा सकती है। हालाँकि डोंगल से नेट चलाना एक झंझट का काम है तथा इनबिल्ट ३जी जैसा सुविधाजनक नहीं पर इस बजट में इनबिल्ट ३जी की उम्मीद करना मुश्किल है।

यूऍसबी पोर्ट से यूऍसबी ओटीजी केबल जोड़कर आप इसके साथ कीबोर्ड, माउस तथा पैन ड्राइव आदि प्रयोग कर सकते हैं। HDMI पोर्ट के जरिये इसका डिस्प्ले ऍचडीटीवी पर प्राप्त किया जा सकता है ताकि वेब सर्फिंग तथा वीडियो बड़ी स्क्रीन पर देखे जा सकें। इन दोनों सुविधाओं के द्वारा आप इसे अपने ऍचडीटीवी के साथ जोड़कर उसे स्मार्ट टीवी या यों कहिये ऍण्ड्रॉइड पीसी की तरह प्रयोग कर सकते हैं। ६,५०० रुपये का अकाइ का स्मार्ट टीवी बॉक्स आता है जिसका प्रोसैसर, रैम तथा ऍण्ड्रॉइड संस्करण इसकी तुलना में आउटडेटिड है। इसलिये इस काम के लिये यह भी एक सस्ता विकल्प है जो स्मार्टफोन तथा मीडिया बॉक्स दोनों का काम करेगा।

कमियाँ

इस टैबलेट में मुख्य कमियाँ कम बैट्री लाइफ तथा ऑडियो क्वालिटी का अच्छा न होना है। सामान्य कामकाज में यह लगभग ३ घंटे तक ही चलती है। इसके अतिरिक्त इसमें ब्ल्यूटुथ नहीं है। इसे किसी लैपटॉप आदि से जोड़कर यूऍसबी पोर्ट के जरिये चार्ज नहीं किया जा सकता केवल अडॅप्टर को चार्जिंग पोर्ट में लगाकर ही चार्ज किया जा सकता है।

वैमी डिजायर का वीडियो डेमो देखें।

यह टैबलेट और भी बेहतर होता यदि,

» इनबिल्ट ३जी सुविधा दी जाती

» बैट्री लाइफ बेहतर होती

» ऑडियो क्वालिटी बेहतर होती

» १०२४×६०० की बजाय HD (१२८०×७२०) रिजॉल्यूशन का विकल्प होता

» ५ मेगापिक्सल या बेहतर रियर कैमरा शामिल होता

» ब्ल्यूटुथ सुविधा होती

» यूऍसबी चार्जिंग सुविधा होती

» क्नैक्टिविटी पोर्ट दायीं तरफ होते

कुल मिलाकर यह टैबलेट अपने कीमत वर्ग में सम्भवतः सबसे बढ़िया विकल्प है। इसमें अच्छी प्रोसैसिंग पावर है, जैली बीन संस्करण है तथा डिजाइन भी अच्छा है। यदि आपको प्रोसैसिंग पावर से ज्यादा मतलब है और थोड़ी कम बैट्री लाइफ चल जायेगी तो यह आपके लिये सर्वोत्तम चुनाव है। १ साल की वारंटी के चलते आप इसकी कार्यप्रणाली के बारे में निश्चिन्त रह सकते हैं। इसके ८००×४८० रिजॉल्यूशन वाले मॉडल की कीमत ६,५०० रुपये तथा १०२४×६०० वाले मॉडल की ७,००० रुपये है। यदि आप इसे खरीदने का मन बनायें तो मेरा सुझाव है कि ५०० रुपये अधिक खर्च कर ज्यादा रिजॉल्यूशन वाला मॉडल खरीदें। इस टैबलेट को आप विक्डलीक की वेबसाइट पर यहाँ से मंगा सकते हैं।

WickedLeak Wammy Desire – Best budget tablet with dual core processor @₹6,500

आखिर गूगल लाया नैक्सस ७ टैबलेट का ३जी मॉडल

Wednesday, October 31st, 2012

गूगल का नैक्सस ७ टैबलेट अपने बेहतरीन हार्डवेयर तथा सस्ती कीमत के कारण खूब लोकप्रिय हो रहा है। लम्बे समय से इसका ३जी संस्करण आने की अटकलें लगायी जा रही थी।  अन्ततः गूगल ने गत २९ अक्तूबर को अपने कुछ अन्य नैक्सस डिवाइसों नैक्सस ४ तथा नैक्सस १० के साथ इसे भी जारी कर दिया। ३२ जीबी और ३जी वाला नैक्सस ७ इकट्ठे ही जारी हुये।

Nexus 7 Tablet Card Processing

३जी मॉडल की भारत जैसे देश में विशेष जरूरत है जहाँ यूरोप की तरह वाइ-फाइ सर्वसुलभ नहीं। हमारे जैसे छोटे शहरों में आज भी लोग इंटरनेट के लिये ब्रॉडबैंड की बजाय ३जी डोंगल आदि पर अधिक निर्भर हैं। इसलिये एक बजट ३जी टैबलेट की भारत में बहुत आवश्यकता है। नैक्सस ७ इस मामले में बिलकुल फिट बैठता है। गूगल का यह डिवाइस बेहतरीन हार्डवेयर फीचर्स युक्त है।

नैक्सस ७ की स्पैसिफिकेशन इस प्रकार हैं।

» ७ इंच कैपैस्टिव स्क्रीन, IPS डिस्प्ले, १२८०x८०० पिक्सल रिजॉल्यूशन

» १.३ गीगाहर्ट्ज नीवीडिया टैग्रा ३ क्वाड कोर प्रोसैसर, ४१६ मेगाहर्ट्ज नीवीडिया जीपीयू

» १ जीबी रैम

» १.२ मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा, रियर कैमरा नहीं

» माइक्रो यूऍसबी २.० पोर्ट, डॉकिंग पिन्स

» १६ जीबी/३२ जीबी आन्तरिक स्टोरेज, ऍक्सटर्नल कार्ड स्लॉट नहीं

» वाइ-फाइ, ब्ल्यूटुथ ३.०, NFC (नियर फील्ड कम्युनिकेशन)

» जीपीऍस, ऍक्सलरोमीटर, गायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी सैंसर, डिजिटल कम्पास, मैग्नेटोमीटर

» ४३२५ mAh बैट्री

» ऍण्ड्रॉइड ४.२ (जैली बीन्स)

नया नैक्सस ७ ऍण्ड्रॉइड के कल जारी किये गये नवीनतम संस्करण ४.२ युक्त है। ऍण्ड्रॉइड ४.२ में Swype शैली का गैस्चर टाइपिंग कीबोर्ड है जिस पर कुंजियों के ऊपर अंगुलियाँ फिराकर टाइप किया जा सकता है। ऍण्ड्रॉइड ४.२ की मल्टीयूजर सुविधा केवल टैबलेटों में उपलब्ध होगी। ऍण्ड्रॉइड ४.२ में फोटो स्फीयर नामक एक नयी फीचर है जो कि ३६० डिग्री पर पैनोरमा फोटो लेती है परन्तु नैक्सस ७ में पिछला कैमरा न होने से ये इसके काम की नहीं।

नैक्सस ७ में कुछ कमियाँ भी हैं जो आम प्रयोक्ता के लिये शायद मायने नहीं रखती, पर एक गीक के लिये रख सकती हैं। एक तो मेमोरी कार्ड स्लॉट नहीं है जिससे आप स्टोरेज को और नहीं बढ़ा सकते। दूसरी कमी है HDMI पोर्ट न होना या यूऍसबी पोर्ट में MHL फंक्शन न होना जिस कारण आप इसके डिस्प्ले को बड़ी स्क्रीन (मॉनीटर या टीवी) पर नहीं देख सकते। इसके अतिरिक्त इसमें यूऍसबी ऑन-द-गो सुविधा नहीं है जिससे आप इसमें पैन ड्राइव आदि नहीं जोड़ सकते। हालाँकि टैबलेट को रूट करके तथा स्टिकमाउंट नामक ऍप्लिकेशन डालकर ऐसा किया जा सकता है जिससे प्रतीत होता है कि यह सुविधा हार्डवेयर में है पर सॉफ्टवेयर में नहीं रखी गयी। इसके अतिरिक्त नैक्सस ७ में पीछे की तरफ कैमरा भी नहीं है पर यह बहुत बड़ी कमी नहीं क्योंकि टैबलेट में रियर कैमरे की बजाय फ्रंट कैमरा (वीडियो कॉल/चैट के लिये) ज्यादा जरूरी है। फोटो लेने के लिये तो आम तौर पर हमारे पास स्मार्टफोन होता ही है।

नैक्सस की इन दो-तीन कमियों के बावजूद बेहतरीन हार्डवेयर और वाजिब कीमत के चलते यह एक बढ़िया सौदा है। इसे खरीदने का एक विेशेष फायदा नैक्सस ब्राँड है। नैक्सस ब्राँड वाले डिवाइसों को ऍण्ड्रॉइड अपडेट के लिये अपने डिवाइस निर्माता के भरोसे नहीं रहना पड़ता। नवीनतम अपडेट पहले दिन ही सीधे गूगल से उपलब्ध हो जाते हैं।

नवीनतम कीमतें इस प्रकार हैं:-

» १६ जीबी वाइ-फाइ मॉडल – २०० डॉलर (लगभग ११,००० रुपये)

» ३२ जीबी वाइ-फाइ मॉडल – २५० डॉलर (लगभग १३,५०० रुपये)

» ३२ जीबी वाइ-फाइ+३जी मॉडल – ३०० डॉलर (लगभग १६,००० रुपये)

फीचरों तथा नैक्सस ब्राँड के हिसाब से यह वाजिब कीमत है। इसमें ४जी नहीं पर भारत में इसका न होना फिलहाल कोई मायने नहीं रखता। मेमोरी कार्ड स्लॉट तथा रिमूवेबल बैट्री यदि आपके लिये खास मायने नहीं रखते तो यह एक बढ़िया चॉइस है। यह १३ नवम्बर से यूरोपीय देशों में उपलब्ध होगा। इन देशों के लिये गूगल प्ले (गूगल का स्टोर) में यह बिक्री हेतु उपलब्ध है। भारत में यह पहले से नवम्बर में जारी होने की उम्मीद थी। अब पक्का हो गया है कि भारत में ३जी मॉडल  आ जायेगा।

सम्बन्धित लेख

» नैक्सस ७–गूगल का सस्ता क्वाड कोर टैबलेट जारी

» गूगल का नैक्सस ७ टैबलेट (सम्भवतः ३जी मॉडल) भारत में नवम्बर में जारी होगा

Google unveils Nexus 7 3G model

गूगल ने पेश किया सैमसंग निर्मित १० इंची टैबलेट – नैक्सस १०

Tuesday, October 30th, 2012

गूगल ने कल सैमसंग द्वारा निर्मित १० इंची टैबलेट नैक्सस १० घोषित किया। गूगल के नैक्सस ७ टैबलेट के सफल होने के बाद यह आइपैड को सीधी चुनौती है। यह एक हाइ-ऍण्ड टैबलेट है।

Nexus 10

इसकी १०.१ इंच बड़ी स्क्रीन २५६०×१९२० रिजॉल्यूशन वाली है जो कि वीडियो को हाइ-डैफीनीशन में देखने हेतु बेहतरीन होगी। एक बात आश्चर्यजनक है कि कम कीमत के नैक्सस ७ में क्वाड कोर प्रोसैसर देने के बावजूद इस बड़े टैबलेट में गूगल ने ड्यूल कोर ही रखा। सॉफ्टवेयर की बात करें तो इसमें गूगल का नवीनतम ऍण्ड्रॉइड ४.२ है। इस संस्करण में मल्टीयूजर सुविधा, Swype शैली का कीबोर्ड तथा अन्य नयी फीचर शामिल हैं।

इसकी स्पैसिफिकेशन निम्नलिखित हैं।

» १०.१ इंच IPS स्क्रीन, २५६०×१६०० रिजॉल्यूशन २९९ PPI

» सैमसंग निर्मित १.७ गीगाहर्ट्ज ड्यूल कोर A15 प्रोसैसर

» ARM Mali-T604 ग्राफिक्स प्रोसैसर

» २ जीबी रैम

» ५ मेगापिक्सल मुख्य कैमरा, १.९ मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा

» माइक्रो यूऍसबी पोर्ट, माइक्रो HDMI पोर्ट

» १६ जीबी/३२ जीबी आन्तरिक स्टोरेज, कार्ड स्लॉट नहीं

» वाइ-फाइ, ब्ल्यूटुथ ४.०, GPS, ड्यूल NFC (आगे तथा पीछे)

» स्टीरियो स्पीकर

» ९,००० mAh बैट्री

» ऍण्ड्रॉइड ४.२

अब इस टैबलेट की सबसे बड़ी कमी की बात करें। यद्यपि यह पतला (८.९ मिलीमीटर) और हल्का (६०३ ग्राम) है पर भयंकर रूप से बदसूरत है। इसके लीक हुये वीडियो से ही इसके बेकार लुक का अंदाजा हो गया था लेकिन अब यह पक्का हो गया। विश्वास नहीं होता कि सैमसंग इतना बदसूरत डिजाइन बना सकता है। इसके किनारे गोल हैं, स्पीकर किनारों पर हैं। गूगल को ऍपल से कुछ तो सीखना चाहिये। ऍपल के उत्पादों की लोकप्रियता एक बड़ा कारण उनका सुन्दर डिजाइन है।

नैक्सस १० का वीडियो डेमो देखिये।

इसे खरीदने का एकमात्र लोभ इसका पावरफुल हार्डवेयर तथा नैक्सस ब्राँड है। नैक्सस ब्राँड वाले डिवाइसों को ऍण्ड्रॉइड अपडेट के लिये अपने डिवाइस निर्माता के भरोसे नहीं रहना पड़ता। नवीनतम अपडेट पहले दिन ही सीधे गूगल से उपलब्ध हो जाते हैं। तो यदि आप लुक की बजाय पावर को महत्व देते हैं और तत्काल अपडेट चाहते हैं तो यह आपके लिये है। इसकी कीमतें भी आइपैड की तुलना में वाजिब हैं।

१६ जीबी मॉडल की कीमत ४०० डॉलर (लगभग २१,००० रुपये) तथा ३२ जीबी मॉडल की ५०० डॉलर (लगभग २७,००० रुपये) है। यह १३ नवम्बर से अमेरिका तथा बाद में अन्य देशों में उपलब्ध होगा। अमेरिका आदि के लिये गूगल प्ले (गूगल का स्टोर) पर यह उपलब्ध है। ३जी मॉडल की अभी कोई सूचना नहीं है।

Google unveils Samsung made Nexus 10 tablet

विण्डोज़ ८ तथा विण्डोज़ RT में क्या अन्तर है

Sunday, October 28th, 2012

विण्डोज़ ८ गत २६ अक्तूबर को जारी हो चुकी है। इसे लेकर लम्बे समय से अफवाहों का बाजार गर्म था। शुरु में बात सामने आयी कि विण्डोज़ ८ मोबाइल डिवाइसों पर भी चलेगी फिर आया कि मोबाइल डिवाइसों वाली विण्डोज़ पर सामान्य कम्प्यूटर वाले सॉफ्टवेयर नहीं चलेंगे। लम्बे समय बाद जाकर स्थिति स्पष्ट हुयी। अब हमारे पास इस बारे में पूरी जानकारी है।

Microsoft Surface Tablet

विण्डोज़ ८ को टच इंटरफेस के उपयुक्त बनाया गया है। यह टच इंटरफेस विण्डोज़ फोन के मैट्रो इंटरफेस से प्रेरित है। इस मैट्रो इंटरफेस (यद्यपि माइक्रोसॉफ्ट नहीं चाहता कि अब हम इसे मैट्रो कहें) के लिये ऍण्ड्रॉइड/आइओऍस शैली की नयी ऍप्लिकेशन बनायी गयी हैं। ये मैट्रो ऍप्लिकेशन x86 वाली सामान्य डैस्कटॉप ऍप्लिकेशनों से अलग तरीके (प्रोग्रामिंग आदि) से विकसित की जाती हैं।

अब माइक्रोसॉफ्ट की इस नयी विण्डोज़ के दो प्रकार के संस्करण हैं – विण्डोज़ ८ तथा विण्डोज़ RT

विण्डोज़ RT

पहला संस्करण है विण्डोज़ RT जो कि ARM आर्कीटैक्चर वाले प्रोसैसरों पर चलेगा। इसका नाम पहले Windows on ARM था। ARM आर्कीटैक्चर वाले प्रोसैसर स्मार्टफोनों तथा टैबलेटों में प्रयुक्त होते हैं। ये प्रोसैसर x86 से अपेक्षाकृत कम क्षमता वाले होते  हैं तथा लम्बी बैट्री लाइफ देते हैं। विण्डोज़ RT केवल ऐसे टैबलेटों में प्रयुक्त होगी, सामान्य डैस्कटॉप या लैपटॉप में नहीं। विण्डोज़ RT में केवल विण्डोज़ स्टोर से इंस्टाल की गयी नयी मैट्रो ऍप्लिकेशन चलेंगी सामान्य कम्प्यूटर वाले सॉफ्टवेयर नहीं। विण्डोज़ RT में ऑफिस २०१३ का एक संस्करण भी साथ आता है पर वह पूरी तरह सामान्य ऑफिस जैसा नहीं। इसमें विण्डोज़ मीडिया प्लेयर, विण्डोज़ मीडिया सैंटर तथा डोमेन जॉइनिंग (जिस कारण यह ऍण्टरप्राइज के लिये उपयुक्त नहीं) आदि शामिल नहीं हैं। इसमें एक डैस्कटॉप मोड भी है पर वह केवल एक फाइल मैनेजर तथा इंटरनेट ऍक्सप्लोरर तक ही सीमित है। अभी विण्डोज़ स्टोर में काफी कम (लगभग ५,०००) ऍप्लिकेशन हैं। भविष्य में विण्डोज़ ८ का प्रचलन बढ़ने पर इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है। माइक्रोसॉफ्ट के सरफेस टैबलेट में यही संस्करण है।

विण्डोज़ ८

विण्डोज़ ८ इंटैल तथा AMD के x86 आर्कीटैक्चर वाले प्रोसैसरों पर चलेगी। इसमें सामान्य x86 सॉफ्टवेयरों के अतिरिक्त नयी मैट्रो ऍप्लिकेशन भी चलेंगी। यह विण्डोज़ संस्करण डैस्कटॉप, लैपटॉप के अतिरिक्त इंटैल प्रोसैसर वाले टैबलेट में भी प्रयुक्त हो सकता है। आप विण्डोज़ स्टोर से ऍप्लिकेशन इंस्टाल करने के अतिरिक्त पुरानी विण्डोज़ ऍक्सपी, विण्डोज़ ७ आदि के सॉफ्टवेयर भी इंस्टाल कर सकते हैं। विण्डोज़ ८ में फुल फीचर युक्त डैस्कटॉप मोड है जिसमें आप गम्भीर किस्म की डैस्कटॉप ऍप्लिकेशनें चला सकते हैं। हालाँकि इस डैस्कटॉप मोड में से स्टार्ट बटन निकाल दिया गया है। हालाँकि विण्डोज़ ८ पिछले संस्करणों से बहुत भिन्न है पर इसके प्रो तथा ऍण्टरप्राइज संस्करणों में बिजनेस एवं ऍण्टरप्राइज उपयोग वाली सुविधायें मौजूद हैं। माइक्रोसॉफ्ट के सरफेस प्रो टैबलेट में विण्डोज़ ८ ही है जो कि जनवरी २०१३ में जारी होगा।

विण्डोज़ ८ इंटैल प्रोसैसर वाले टैबलेट्स तथा अल्ट्राबुक्स के साथ अन्तर्निर्मित तो आयेगी ही, साथ ही आप अपने मौजूदा कम्प्यूटर में भी विण्डोज़ ८ खरीद कर डाल सकते हैं। दूसरी ओर विण्डोज़ RT केवल ARM प्रोसैसर वाले टैबलेटों में पहले से डली ही आयेगी। यह सम्भवतः अधिक बैट्री लाइफ देगी। यह प्रयोग में भी ज्यादा आसान होगी पर इसकी फंक्शनैलिटी एक सामान्य कम्प्यूटर की तुलना में सीमित होगी। एक पंक्ति में कहें तो विण्डोज़ ८ फुल विण्डोज़ है जबकि विण्डोज़ RT उसका एक लाइट संस्करण। दिखने में दोनों एक जैसे ही लगते हैं पर दोनों में काफी अन्तर है। कई लोग इन दोनों में अन्तर को लेकर भ्रम में हैं। वे दोनों का अन्तर तब तक नहीं समझ पायेंगे जब तक वे उस पर फोटोशॉप, आइट्यून्स, ऑटोकैड जैसा कोई सॉफ्टवेयर इंस्टाल करके नहीं देखते।

आपके लिये कौन सा संस्करण ठीक है?

विण्डोज़ RT केवल एक टैबलेट ऑपरेटिंग सिस्टम है जबकि विण्डोज़ ८ टैबलेट और डैस्कटॉप दोनों प्रकार का ऑपरेटिंग सिस्टम है। विण्डोज़ ८ वाले डिवाइस निश्चित रूप से विण्डोज़ RT वाले डिवाइसों से महंगे होंगे। अगर आप टैबलेट का प्रयोग केवल नेट सर्फिंग, वीडियो देखने, हल्की-फुल्की गेम खेलने जैसे कामों में ही करना चाहते हैं तो विण्डोज़ RT आपके लिये पर्याप्त है। लेकिन यदि आप एक पावर यूजर हैं और अपने टैबलेट से कम्प्यूटर वाले दूसरे काम भी लेना चाहते हैं तो विण्डोज़ ८ आपके लिये ही है। विण्डोज़ RT वाले टैबलेट के वर्तमान खरीदारों को ऍप्लिकेशनों की कमी से जूझना पड़ेगा जबकि दूसरे टैबलेट ऑपरेटिंग  सिस्टमों ऍण्ड्रॉइड तथा आइओऍस के लिये लाखों ऍप्लिकेशन उपलब्ध हैं।

फिलहाल मुझे लगता है कि यदि आप सामान्य यूजर हैं तो विण्डोज़ RT वाले टैबलेट की बजाय ऍण्ड्रॉइड या आइओऍस वाला ही टैबलेट खरीदें और यदि आप पावर यूजर हैं तो विण्डोज़ ८ वाला टैबलेट।

Difference between Windows 8 and Windows RT

ऍपल ने जारी किया ७.९ इंच टैबलेट–आइपैड मिनी

Wednesday, October 24th, 2012

लम्बे समय से ऍपल द्वारा अपने टैबलेट का छोटा ७ इंची मॉडल जारी करने की चर्चा जोरों पर थी। अन्ततः कल ऍपल ने एक विशेष आयोजन में इसे जारी कर दिया। अमेजन का किण्डल फायर तथा गूगल का नैक्सस ७सस्ते टैबलेट बाजार में अपनी पैठ बनाये हुये हैं। आइपैड के छोटे संस्करण के साथ ऍपल इस बाजार पर कब्जा करना चाहता है। हालाँकि ऍपल के मुताबिक यह आइपैड का छोटा बनाया गया संस्करण नहीं है बल्कि पूरी तरह नया डिजाइन है। ऍपल के शब्दों में यह टैबलेट हर इंच से एक आइपैड है। यह एक हल्का, पतला और सुन्दर प्रीमियम डिजाइन है।

ipad mini

आइये इसकी स्पैसिफिकेशन पर नजर डालते हैं:-

» ७.९ इंच IPS डिस्प्ले स्क्रीन, १०२४×७६८ रिजॉल्यूशन, १६३ PPI

» ड्यूल कोर ऍपल A5 प्रोसैसर

» ५ मेगापिक्सल कैमरा, फ्रंट १.२ मेगापिक्सल कैमरा

» नया पतला और छोटा लाइटनिंग कनैक्टर

» वाइ-फाइ, ३जी (वैकल्पिक), ब्ल्यूटुथ ४.०

» १० घंटे की अनुमानित बैट्री लाइफ

ऍल्युमिनियम शैल से बना यह टैबलेट केवल ७.२ मिलीमीटर पतला और ३१० किलोग्राम भारी है जो कि इसे नवीनतम आइपैड से ५३ प्रतिशत हल्का और पतला बनाता है। आइपैड मिनी की नैक्सस ७ से तुलना करते हुये ऍपल के प्रस्तुतकर्ता ने कहा कि इसका डिस्प्ले गूगल के टैबलेट से बड़ा होने के बावजूद यह उससे हल्का एवं पतला है। नैक्सस ७ के प्लास्टिक के किनारे भी इससे मोटे हैं जबकि इसके किनारे ऍल्युमिनियम के हैं। हालाँकि उन्होंने यह उल्लेख नहीं किया कि इसका प्रोसैसर नैक्सस ७ के क्वाड कोर की तुलना में ड्यूल कोर है। Smile

गौरतलब है कि ऍपल के पूर्व मुखिया दिवंगत स्टीव जॉब्स छोटे आइपैड के पक्ष में नहीं थे तथा छोटे स्क्रीन आकार को टैबलेट ऍप्लिकेशनों के लिये अनुपयुक्त मानते थे। जॉब्स ने अक्तूबर २०१० में एक कॉन्फ्रैंस कॉल में छोटे टैबलेट्स के विचार को सिरे से खारिज करते हुये कहा था कि,

“`The reason we wouldn’t make a 7-inch tablet isn’t because we don’t want to hit a price point. It’s because we don’t think you can make a great tablet with a 7-inch screen. The 7-inch tablets are tweeners, too big to compete with a smartphone and too small to compete with an iPad.”

जॉब्स की मुख्य आपत्ति थी कि छोटी स्क्रीन पर बटनों को अंगुलियों से दबाना मुश्किल होगा हालाँकि उस समय तक इससे भी छोटी स्क्रीन का आइफोन पहले ही हिट हो चुका था। तो अभी तक ऍपल का दर्शन था कि यदि आपको आइपैड से छोटी टचस्क्रीन चाहिये तो आइफोन खरीदें। लेकिन छोटे और हल्के ७ इंची टैबलेटों के चलन को देखते हुये अन्ततः ऍपल को भी इस बारे में सोचना ही पड़ा। आइपैड मिनी २ नवम्बर को जारी होगा। यह सफेद, सिल्वर, काले तथा स्लेटी रंगों में उपलब्ध है। ४जी मॉडल नवम्बर के मध्य में उपलब्ध होंगे। भारत में उपलब्धता का अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है। इसकी कीमतें इस प्रकार से हैं।

वाइ-फाइ वाइ-फाइ+३जी/४जी
१६  जीबी – ३२९ डॉलर १६ जीबी – ४५९ डॉलर
३२ जीबी – ४२९ डॉलर ३२ जीबी – ५५९ डॉलर
६४ जीबी – ५२९ डॉलर ६४ जीबी – ६५९ डॉलर

गूगल के नैक्सस ७ से तुलना करें तो खूबियाँ यह हैं कि यह उससे पतला है, स्क्रीन साइज थोड़ा सा बड़ा है, फ्रंट कैमरा भी है, नैक्सस ७ का अभी केवल वाइ-फाइ मॉडल है जबकि इसका वाइ-फाइ+३जी मॉडल भी उपलब्ध है। बाकी कमियाँ यह हैं कि नैक्सस ७ में क्वाड कोर प्रोसैसर है जबकि इसमें ड्यूल कोर है जो कि ऍपल के प्रोससरों में दो पीढ़ी पुराना है, नैक्सस की रिजॉल्यूशन १२८×८०० है जो कि इससे कहीं अधिक है और लाख टके की बात यह कि नैक्सस ७ आइपैड मिनी से कोई आधी कीमत का है।

कीमतों से स्पष्ट है कि ऍपल ने गूगल के नैक्सस ७ तथा अमेजन के किंडल फायर से मुकाबले के लिये केवल टैबलेट का फॉर्म फैक्टर छोटा किया, कीमतें कम नहीं रखी। आइपैड मिनी का सबसे सस्ता १६ जीबी, वाइ-फाइ मॉडल जहाँ ३२९ डॉलर का है वहीं गूगल का २०० डॉलर मात्र का है। हार्डवेयर की दृष्टि से भी गूगल का नैक्सस ७ इससे बेहतर है। गूगल का ३२ जीबी नैक्सस ७ ३जी के साथ आने वाला है। वाइ-फाइ मॉडल २५० डॉलर का होगा, ३जी वाला यदि ३०० डॉलर (लगभग १६,००० रुपये) का भी हुआ तो भी आइपैड मिनी १६ जीबी ३जी मॉडल ५६० डॉलर (लगभग ३०,००० रुपये) का है जो कि इससे १४,००० रुपये महँगा है। इसका प्रोसैसर और स्क्रीन रिजॉल्यूशन भी दूसरे प्रतिद्वन्दी टैबलेटों से कमतर है। ऍपल की बाकी जानी-मानी कमियाँ तो अपनी जगह हैं ही। कुल मिलाकर कहें तो आइपैड मिनी ऍपल के ही फैनब्वॉयज़ के लिये है, हमारे जैसे आम उपभोक्ता के काम का यह नहीं। हल्का, पतला और सुन्दर प्रीमियम डिजाइन ऍपल की मार्केटिंग रणनीति का एक हिस्सा है लेकिन केवल सुन्दरता के लिये हम ये महँगे खिलौने नहीं खरीद सकते।

ऍपल ने इसके साथ ही आइपैड का नया संशोधित संस्करण भी पेश किया जिसमें नया A6X प्रोसैसर तथा आइफोन ५ में प्रयुक्त नया पतला एवं छोटा लाइटनिंग कनैक्टर पोर्ट है। इसकी कीमतें आइपैड के वर्तमान मॉडल जितनी ही हैं।

Apple unveils 7.9 inch tablet – iPad Mini