ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blogsubscribe feedई-पण्डित नये तेज सर्वर पर आ गया है। आपके ब्राउजिंग अनुभव में सुधार होगा।

ई-पण्डित आइऍमई

ई-पण्डित आइऍमई हिन्दी तथा देवनागरी लिपि आधारित अन्य भाषाओं के लिये इन्स्क्रिप्ट कीबोर्ड आधारित एक आइ॰ऍम॰ई॰ (इनपुट मैथड ऍडीटर) है। इसमें यूनिकोड एवं नॉन-यूनिकोड दोनों का समर्थन है। इस टाइपिंग औजार के द्वारा पुराने (लिगेसी) हिन्दी फॉण्टों यथा चाणक्य, कृतिदेव आदि में इन्स्क्रिप्ट कीबोर्ड लेआउट द्वारा हिन्दी टाइप की जा सकती है। यह औजार विशेषकर कोरल ड्रॉ, पेजमेकर आदि जैसे नॉन-यूनिकोड प्रोग्रामों जिनमें यूनिकोड हिन्दी टाइप नहीं होती, के लिये उपयोगी है।

ePanditIME_Screenshot

ग्राफिक्स एवं छपाई उद्योग में अभी भी नॉन-यूनिकोड सॉफ्टवेयरों का प्रयोग होता है जिनमें पुराने लिगेसी फॉण्टों का उपयोग होता है। उदाहरण के लिये समाचार-पत्रों की छपाई हेतु अधिकतर चाणक्य फॉण्ट का उपयोग होता है। इसके अतिरिक्त छोटे-मोटे छपाई का कार्य करने वाले व्यवसायी कृतिदेव आदि फॉण्ट का उपयोग करते हैं। अधिकतर लिगेसी फॉण्ट रेमिंगटन (टाइपराइटर वाला) लेआउट द्वारा टाइप होते हैं जिस कारण नये लोग इन्हें प्रयोग नहीं कर पाते। इस कारण से ग्राफिक्स तथा छपाई उद्योग में कार्य करने वालों को अब भी रेमिंगटन जैसी कठिन, आउटडेटिड तथा अवैज्ञानिक प्रणाली सीखनी पड़ती थी। यह औजार इन फॉण्टों में हिन्दी के मानक कीबोर्ड इन्स्क्रिप्ट द्वारा टाइप करने की सुविधा उपलब्ध  करवाता है। यह लिगेसी फॉण्टों में इन्स्क्रिप्ट द्वारा टाइप करने हेतु इस प्रकार का पहला औजार है।

औजार की कार्यप्रणाली सम्बन्धी सम्पूर्ण जानकारी, कीबोर्ड लेआउट, टिप्स तथा अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न संलग्न यूजर गाइड में दिये गये हैं।

सुविधायें

» बिना कॉपी-पेस्ट के झंझट के किसी भी ऍप्लिकेशन में सीधे टाइप करने की सुविधा।
» यूनिकोड हिन्दी एवं लिगेसी फॉण्टों में टाइप करने की सुविधा। चाणक्य, कृतिदेव तथा वॉकमैन-चाणक्य फॉण्टों हेतु समर्थन।
» लिगेसी फॉण्टों हेतु शुद्धतम ऍल्गोरिद्म। संयुक्ताक्षरों तथा मात्राओं आदि को किसी भी अन्य नॉन-यूनिकोड टैक्स्ट ऍडीटर की तुलना में अत्यधिक शुद्धता से रैण्डर करता है।
» Ctrl कुञ्जी से बिना भाषा बदले बहुधा प्रयोग होने वाले रोमन चिह्न भी टाइप किये जा सकते हैं जिससे बार-बार हिन्दी-अंग्रेजी में कूद-फाँद नहीं करनी पड़ती।
» डिफॉल्ट फॉण्ट, अंकों का प्रारुप, विण्डोज़ के साथ ऑटोस्टार्ट होने आदि सैट करने की सुविधायें।
» विशेष चिह्नों को बटनों द्वारा आसानी से टाइप करने की सुविधा।
» इन्स्क्रिप्ट न जानने वालों के लिये कीबोर्ड हेतु इन्स्क्रिप्ट लेआउट के स्टीकर छापने की सुविधा।

» प्रयोक्ता गाइड (हैल्प फाइल) अन्य ऑनलाइन उपयोगी कड़ियों सहित।
» छोटा आकार एवं सरल इंस्टालेशन।
» व्यावसायिक स्तर का सॉफ्टवेयर होने के बावजूद निःशुल्क।

ज्ञात मुद्दे

» औजार से टाइप करते समय आप Shift कुञ्जी से टैक्स्ट स्लैक्ट नहीं कर सकते क्योंकि इन फॉण्टों में हिन्दी पाठ ऑस्की कूटों में होता है अतः टंकण के दौरान उसे कैपिटल केस में बदलने से रोकने हेतु Shift कुञ्जी को निष्क्रिय किया गया है।

» औजार से टाइप करते हुये आप Ctrl+P जैसे कमाण्ड शॉर्टकटों का उपयोग नहीं कर सकते। इसलिये बेहतर है कि जब आपको फॉर्मेटिंग आदि करनी हो तो आइऍमई हॉटकी द्वारा निष्क्रिय कर दें।
» विण्डोज़ विस्टा, विण्डोज़ ७ तथा संभवतः विण्डोज़ सर्वर २००८ में इस औजार के कार्य करने हेतु आपको इनमें UAC (User Account Control) नामक फीचर डिसेबल होनी चाहिये। यह कार्य इंस्टालेशन के समय सैटअप स्वतः कर लेता है। इसके बारे में पूरी जानकारी यूजर गाइड में है।

सिस्टम आवश्यकतायें

समर्थित ऑपरेटिंग सिस्टम:- विण्डोज़ २०००, ऍक्सपी, २००३ सर्वर, विस्टा, विण्डोज़ ७ तथा विण्डोज़ सर्वर २००८

इसके अतिरिक्त डॉट नेट फ्रेमवर्क २.० या नवीन संस्करण इंस्टाल होना चाहिये। यदि न हो तो इंस्टालेशन के दौरान सैटअप इसे स्वतः डाउनलोड कर लेगा।

कृपया औजार सम्बन्धी अपने सुझावों तथा कमियों से अवश्य अवगत करायें। यदि औजार में कोई गड़बड़ दिखायी दे तो सूचित करें, साथ ही यह भी बतायें कि क्या शब्द आदि टाइप करते हुये गलती या गड़बड़ हुयी ताकि मैं उसे सही कर सकूँ।

डाउनलोड

डाउनलोड करने हेतु नीचे दिया गया बटन क्लिक करें। आकार केवल १.१९ ऍमबी मात्र।

Get it from CNET Download.com!

» यूजर गाइड (औजार में शामिल)

यह प्रोग्राम निःशुल्क फ्रीवेयर है। आप इसमें बिना कोई बदलाव किये पुनर्वितिरित कर सकते हैं। यद्यपि यह अनुशंसा की जाती है कि आप ऑनलाइन वितरण हेतु अन्यत्र होस्ट करने की बजाय इसके होमपेज का ही लिंक दें ताकि प्रयोक्ताओ को नवीनतम संस्करण प्राप्त हो सके।

यह सॉफ्टवेयर १००% साफ-सुथरा है जिसके लिये इसे सॉफ्टपीडिया द्वारा निम्न प्रमाणपत्र दिया गया है।

दान

यदि यह औजार आपको पसन्द आया या फिर आप इसका व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं तो कृपया कुछ दान दें ताकि भविष्य में इसका तथा अन्य हिन्दी कम्प्यूटिंग सम्बन्धी औजारों का विकास जारी रहे। किसी भी राशि का स्वागत है। दान राशि विकासकर्ता के बैंक खाते में जमा करायी जा सकती है। खाते सम्बन्धी जानकारी हेतु sharma.shrish ऍट gmail.com पर ईमेल भेजें।

इतिहास

» प्रथम संस्करण १.० जारी, ११ जून २०११
» संस्करण १.१, २६ जुलाई २०११
» संस्करण १.२, १५ सितम्बर २०११

34 टिप्पणियाँ

  1. that’s a lot of very hard work for a long time .. the satisfaction of seeing it work and deliver result is itself very rewarding .. keeping it free is a noble deed .. you have made a mark on history .. congrats .. and thanks for being selfless :-) )

  2. हम जैसों के लिए यह किस प्रकार उपयोगी है ?
    यह समझने में हम अभी भी समर्थ नहीं हुए हैं !

  3. सबसे पहले शिरीष भाई को बधाई और सलाम। क्या इसे 64 बिट विंडो 7 पर इंस्टाल किया जा सकता है या नहीं? वहां ये काम करेगा या नहीं? क्योंकि मै हिंदी टूल कीट का शुरु से ही प्रयोग करता रहा हूँ पर जब से नया लेपटाप लिया है उस पर हिंदीटूल कीट नही चलता और जो माईक्रोसाफ्ट का इंडिक चलता है वो मुझे पसंद नही क्योंकि हर अक्षर के बाद स्पेसबार दबाना पड़ता है जहां हिंदी टूल कीट में a दबाना पड़ता था। पर क्या करुं मजबूरी का नाम…। मुझे लगता है यह मेरे लिए उपयोगी होगा। वैसे ये यूजर अकाऊंट कंटोल डिसबेल का क्या मतलब है और डॉट नेट फ्रेमवर्क २.० क्या विडो ७ में होगा या नहीं? वैसे सब बातों का लबोलुबाब यह कि यह 64 बिट विंडो 7 पर चलेगा या नही।

  4. @pk sharma,
    धन्यवाद शर्मा जी।

    @प्राइमरी के मास्साब,
    हम जैसों से यदि आपका मतलब इन्स्क्रिप्ट न जानने वालों से है तो आप औजार में शामिल स्टीकर फाइल से स्टीकर छापकर कीबोर्ड पर चिपका सकते हैं तथा आसानी से हिन्दी टाइप कर सकते हैं।

    @सुशील कुमार छौक्कर,
    इण्डिक आइऍमई के नये संस्करण में बग है। मैं पुराने संस्करण का संशोधित इंस्टालर उपलब्ध करवाने का प्रयास करूँगा।

  5. भला जब फोनेटिक लेख़न की सुविधा नहीं है, तो फिर यूनिओड रखने का तात्पर्य क्या हुआ?

  6. @रोहन सिन्हा,
    रोहन जी यूनिकोड के लिये फोनेटिक अनिवार्य नहीं होता। यूनिकोड में किसी भी कीबोर्ड लेआउट से टाइप किया जा सकता है बल्कि इन्स्क्रिप्ट तो यूनिकोड हिन्दी में टाइप करने के लिेये मानक कीबोर्ड है।

    वैसे आपकी जानकारी के लिये बताना चाहूँगा कि जब यूनिकोड आया था उसमें केवल इन्स्क्रिप्ट कीबोर्ड लेआउट से ही टाइप करना सम्भव था। फोनेटिक से यूनिकोड टाइप करने के औजार तो काफी बाद में बने।

  7. मेरे कहने का मतलब यह है कि ज़्यादा फायदा नहीं हुआ; कम से कम अधिकांश लोगों कि लिए ।
    आपके software की कार्य-क्षमता बेहतरीन है, पर यह सब सुविधाएँ पहले से ही विन्डोज़ में मौजूद हैं।

    phonetic भी है, पर कुछ लोगों को iTrans में कुछ दिक्कतें होती है, ख़ास करके हर अक्षर के अन्त में ‘अ’ जोड़ने में।

    जब आप इस स्तर पे प्रोग्रैम लिख सक्ते हैं, तो phonetic भी आराम से।

    वैसे, रोहन ‘जी’ मत कहिए, आप से काफ़ी छोटा हूँ ।

  8. श्रीश भाई यह औजार बनाने के लिए आपको धन्‍यवाद। मुझे बस एक बात का अफसोस है कि तकनीकी रूप से सक्षम आप जैसे विद्वानों का इनस्क्रिप्‍ट से लगाव मेरे जैसे पारंपरिक रेमिंग्‍टन के उपयोक्‍ताओं के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होता है। ऐसे औजार और अन्‍य प्रयोग इनस्क्रिप्‍ट को ध्‍यान में रखकर किए जाते हैं (मसलन् हिंदी टूलकिट में आपने इसी लेआउट को डिफाल्‍ट कीबोर्ड के रूप में रखा) जबकि रेमिंग्‍टन के उपयोक्‍ताओं की संख्‍या कतई कम नहीं है… बल्कि मुझे तो लगता है कि ज्‍यादा ही होगी।

    खैर, यह तो आपकी इच्‍छा का मामला है। मैं आपसे अनुरोध करूंगा कि इस औजार को वास्‍तव में बहुसंख्‍यक उपयोक्‍ताओं तक पहुंचाने के लिए इसका रेमिंग्‍टन का वर्शन भी अवश्‍य तैयार करें। आप हिंदी के उपोक्‍ताओं की सहायता करने के लिए यह सब कर रहे हैं तो सभी का ध्‍यान रखें। जो पुराने रेमिंग्‍टन के उपयोक्‍ता हैं, उन्‍हें वैसा ही रहने दीजिए जैसे वे हैं। नये लोगों को इनस्क्रिप्‍ट की सलाह दें तो कोई फर्क नहीं बल्कि उनके लिए फायदेमंद होगा।

    मुझे उम्‍मीद है कि इस गुजारिश को अन्‍यथा न लेंगे। रेमिंग्‍टन का संस्‍करण शीष्र जारी करें, सूचना मिलने की प्रतीक्षा रहेगी।

  9. @रोहन सिन्हा,
    इन्स्क्रिप्ट से यूनिकोड टंकण हेतु सुविधा विण्डोज़ में पहले से होती है परन्तु नॉन-यूनिकोड फॉण्टों में इन्स्क्रिप्ट से टंकण हेतु कोई औजार नहीं था।

    फोनेटिक में हर अक्षर के अन्त में “अ” जोड़ने की छूट सिर्फ गूगल आइऍमई जैसे डिक्शनरी आधारित औजार में ही सम्भव है।

    @Sanjay Kareer,
    संजय भाई, मैंने कभी सुझाव नहीं दिया कि रेमिंगटन प्रयोक्ताओं को इन्स्क्रिप्ट सीखना चाहिये। मैं बस यह कहता हूँ कि नये प्रयोक्ता के लिये रेमिंगटन की बजाय इन्स्क्रिप्ट सरल और बेहतर है।

    यह औजार नॉन-यूनिकोड फॉण्टों को इन्स्क्रिप्ट से टंकण के लिये बना है। रेमिंगटन के लिेये ऐसे औजार की जरुरत नहीं क्योंकि लिगेसी फॉण्टों को रेमिंगटन से टाइप करने के लिये किसी औजार की जरुरत नहीं होती, उनका मूल लेआउट ही रेमिंगटन पर आधारित होता है। हाँ चाणक्य के लिये अलग से औजार चाहिये होता है, लिपिका पर वह रेमिंगटन लेआउट पर ही है। इसलिये मैं इस औजार में रेमिंगटन लेआउट शामिल करने की जरुरत नहीं समझता।

  10. @ePandit: आपका मतलब छोड़ने से छूट, है न? वैसे भी वह शब्द-कोश आधारित software है, microsoft के ILIT की तरह। मेरा इशारा उनके Indic input की ओर था, जो कि iTrans आधारित है; हाँलकि मैं य
    शायद आपके पास windows XP है, जिस के लिए आपने यह software बनाया है।

    वरना बाद के विन्डोज़ में non-unicode inscript सुविधा तो है।

    लगता है कि इसलिए मुझे गलत-फ़ैमी हुई।

  11. चाणक्‍य के लिए ही कह रहा था श्रीश जी क्‍योंकि लिपिका 4C Plus कंपनी (करीब 3000 रुपए में) बेचती है। मैं ऐसे कई दोस्‍तों को जानता हूं जो प्रिटिंग जैसे कामों से जुड़े हैं और दिनभर कंप्‍यूटर पर टाइपिंग कर किसी तरह अपनी आजीविका कमाते हैं। 3000 रुपए खर्च करना उनमें से कइयों के बस की बात नहीं। इसीलिए मेरे अनुरोध पर एक बार नारायण प्रसाद जी ने वर्ड में सीधे चाणक्‍य टाइप करने का औजार बनाया था लेकिन वह सही नहीं बन पाया। मुझे व्‍यक्तिगत रूप से अब किसी भी रूप में हिंदी टाइप करने के लिए किसी अन्‍य औजार की जरूरत नहीं है (मैं IME से काम करता हूं) लेकिन मैं हमेशा ऐसे किसी औजार की तलाश में रहता हूं जो रैमिंग्‍टन ले आउट में चाणक्‍य को सीधे टाइप करने की सुविधा देता हो। ऐसा कोई भी औजार मेरे उन दोस्‍तों के लिए काफी मददगार होगा जो इस काम से जुड़े हैं। आपका औजार देखकर उत्‍सुक्‍ता हुई थी कि शायद आप यह सं
    शोधन करने का कष्‍ट करें… खैर। आपकी बात भी सही है कि आपको जरूरत नहीं तो आप ऐसा क्‍यों करेंगे। बहुत बहुत धन्‍यवाद पंडित जी।

  12. @रोहन सिन्हा,

    वरना बाद के विन्डोज़ में non-unicode inscript सुविधा तो है।

    किसी भी विण्डोज़ में नॉन-यूनिकोड फॉण्टों (कृतिदेव जैसे) को इन्स्क्रिप्ट से टाइप करने की सुविधा नहीं होती। विण्डोज़ २००० से बाद के वर्जनों में केवल यूनिकोड में टाइप करने हेतु इन्स्क्रिप्ट कीबोर्ड होता है।

    @Sanjay Kareer,
    हम्म, आपका मतलब है चाणक्य में रेमिंगटन से टाइप करने के लिये कोई मुफ्त औजार नहीं है। समस्या यह है कि रेमिंगटन लेआउट के लिये प्रोग्राम करना बहुत मुश्किल है (नॉन-यूनिकोड में, यूनिकोड में इतना नहीं) क्योंकि इन्स्क्रिप्ट में जहाँ केवल मूल वर्णमाला ही कुञ्जियों पर होती है, बाकी आधे अक्षर, संयुक्ताक्षर आदि हलन्त कुञ्जी के संयोग से बनते हैं वहीं रेमिंगटन में आधे अक्षर आदि अलग से होते हैं, वर्णों को कीबोर्ड पर रखे जाने में कोई क्रम भी नहीं है जिस वजह से रेमिंगटन लेआउट प्रोग्रामर की दृष्टि से बड़ा कठिन है। खैर भविष्य में कभी समय मिलने पर देखूँगा अभी तो कई अन्य परियोजनाओं पर काम कर रहा हूँ।

    खैर। आपकी बात भी सही है कि आपको जरूरत नहीं तो आप ऐसा क्‍यों करेंगे।

    मेरी जरुरत न होने वाली बात का शायद आप गलत मतलब समझे। चाणक्य में टाइप करने की मुझे कोई जरुरत नहीं थी, इन्स्क्रिप्ट के लिये भी यह औजार मैंने जनता-जनार्दन के लिये ही बनाया। यह औजार बनाने के पीछे मुख्य ड्राइविंग फोर्स यह थी कि इन्स्क्रिप्ट से नॉन-यूनिकोड फॉण्टों में टाइप करने का मुफ्त तो छोड़िये कोई पेड औजार भी नहीं था।

  13. @ePandit
    ओह; माफ़ कीजिएगा। पता नहीं था। वैसे क्या आप C-DAC कए योगेश फॉन्ट की तरह कोई अन्य फॉन्ट बता सकते हैं? मंगल और Arial Unicode MS में भी कुछ-कुछ कमियाँ हैं; पर योगेश आँखों पे थोढ़ा भारी है।
    और DVW fonts के लिए कोई मुफ़्त या सस्ता स्रोत ? अगर इनके लिये phonetic typing मिले तो बढ़ियाँ है।

    आपका आभार रहेगा।

  14. @रोहन सिन्हा,
    सीडैक के फॉण्टों के बारे में मैं कह नहीं सकता, हरिराम पंसारी जी इस बारे में जानकारी दे सकते हैं या तकनीकी हिन्दी समूह पर पूछें।

    विण्डोज़ ७ का अपराजिता फॉण्ट तो शीर्षकों (हैडिंगों) तथा कोकिला फॉण्ट सामान्य टैक्स्ट के लिये उपयुक्त हैं। और हाँ यूनिकोड फॉण्टों में कीबोर्ड लेआउट का चक्कर नहीं होता इसलिये आप किसी भी यूनिकोड फॉण्ट को फोनेटिक लेआउट से टाइप कर सकते हैं।

  15. श्रीश जी,
    ई-पण्डित आइएमई उपलब्ध कराने के लिए बहुत-बहुत बधाई, DTP में हिन्दी टाइपिंग करने वालों के लिए तो यह बहुमूल्य उपहार के समान है। विण्डोज विस्ता तथा विण्डोज-7 में हिन्दी के नॉन-यूनिकोड फॉण्टस् के लिए कोई सॉफ्टवेयर या एप्लीकेशन उपलब्ध नहीं थी, बेचारे पब्लिशर्ज को हार कर विण्डोज एक्स-पी की शरण में लौटना पड़ता था। अब उन्हें बहुत चैन मिलेगा, धन्यवाद करने की हमें आदत नहीं है, कृपया उसकी अपेक्षा मत रखना।
    आपने बहुत बड़ा काम किया है, जितनी प्रशंसा की जाए कम है। लोग अपडेटिड विण्डोज की तरफ बढ़ेंगे। कोरल, पेजमेकर या फोटोशॉप में चाणक्य आदि फाण्ट मे टाइपिंग की सुविधा नहीं – यह कह कर विण्डोज का पुराना वर्जन ही उपयोग करने की मजबूरी नहीं होगी। कुछ त्रुटियों के निराकरण तथा कुछ अपेक्षित सुधारों की आवश्यकता है, जिनका संकेत अलग से ईमेल भेजकर करूँगा।

    कम्प्यूटर पर हिन्दी के विकास के लिए अभी बहुत कुछ करना शेष है, जिसे आप जैसे हिन्दी भाषा को समर्पित कम्प्यूटर तकनीक के पण्डित ही कर सकते हैं। इस विधा से अनभिज्ञ होने पर भी स्वयं को आपका सहयोगी बनाकर भारतीय भाषाओं की अभिवृद्धि के लिए काम करके मुझे प्रसन्नता होगी। आपसे साक्षात् मिलन-परिचर्चा का भी शीघ्र ही कोई सार्थक प्रयास करूँगा।

    एक बार पुनः बधाई ………

    ऩरेश कुमार धीमान

    • धन्यवाद नरेश जी, यह जानकर काफी सुकून मिलता है कि मेरा बनाया टूल लोगों के काम आ रहा है। लगता है मेहनत वसूल हो गयी।

  16. श्रीश जी,
    ई-पण्डित आइएमई उपलब्ध कराने के लिए बहुत-बहुत बधाई, DTP में हिन्दी टाइपिंग करने वालों के लिए तो यह बहुमूल्य उपहार के समान है। श्रीश जी हमने आज 10 साल तक इसे खोजते रहा। बहुतों को बोला कि कही भी हिन्दी टाइपिंग करने के लिए कृतिदेव फॉन्ट ही उपलब्ध रहता है। सिर्फ श्रीलिपी ही एक ऐसा सॉफ्टवेयर था जिसमें सभी प्रकार के की-बोर्ड उपलब्ध हो पाता था। लेकिन दिक्कत यह आता था कि फान्ट भी श्रीलिपी का ही उपयोग होता था।
    श्रीश जी, आपने कृतिदेव फान्ट को इंस्क्रीप्ट की-बोर्ड में साफ्टवेयर बनाकर हमें तो बहुत बड़े समस्या बचा दिया। हमने तरह-तरह के औजार का उपयोग करके कृतिदेव को कनवर्टर द्वारा कनवर्ट करके काम करना पड़ता था, लेकिन करेकशन करने में काफी दिकत आता था। क्योंकि मैं शुरू से ही फानेटिक तथा इनस्क्रीप्ट की-बोर्ड पर कार्य किया है। रेमिंगटन की-बोर्ड पर टाइप कभी भी नहीं किया। कारण यह होता था कि कही भी जाब वर्क करने में बहुत ही कठीनाइ होती थी। आपने हमारी सारी समस्या का हल कर दिया है। इसके लिए आपके कोटिशः बधाई!
    हम तो अपने कम्प्यूटर में कई प्रकार के औजार को उपयोग करके इस कठिनाई से बचता था, जो आपको गिनाये नही जा सकते।
    श्रीश जी, आपसे इस साफ्टवेयर में एक सुधार चाहता हूं,

    1. `ष’ तथा हलन्त लगाकर `ग्र’ टाइप करने पर नहीं लेता है। इसे अगर ठीक कर सकें तो बड़ी कृपा होगी।
    2. Ctrl की के द्वारा आपने हिन्दी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिन्दी में कूद-फांद से बचने के लिए लिखा है। लेकिन यह कार्य नहीं करता है इसे साफ-साफ बताने का कष्ट करें।
    और सभी की-इन्स्क्रीप्ट में चल रहे हैं।
    आपको एक बार बधाई!

    • सत्येन्द्र जी, आपके प्रोत्साहन के लिये आभार।

      १. ‘ष’ वाली समस्या का कारण माइक्रोसॉफ्ट वर्ड की ऑटोकरैक्ट फीचर है। वर्ड में ऑटोकरैक्ट तथा ऑटोकैपिटलाइजेशन आदि अक्षम कर दें।

      ‘ग्र’ वाली गलती अगले संस्करण में ठीक कर दूँगा। फिलहाल आप ‘ग’ लिखने के बाद Shift+3 दबाकर ‘ग्र’ टाइप कर सकते हैं। यही बात ‘स्र’ के साथ भी है।

      २. कंट्रोल की से इनपुट भाषा नहीं बदलती बल्कि भाषा हिन्दी रखते हुये ही कीबोर्ड पर मौजूद विभिन्न चिह्नों (जैसे ” ; आदि जिनको टाइप करने के लिये इनपुट भाषा बदल कर अंग्रेजी करनी पड़ती है) को टाइप किया जा सकता है।

  17. sir, main chankya font ki typing practice karna cahta hun, kirpya mujhe batayen ki, kya main sidhe type practice, chankya font mein, yahan se kar sakta hun

    • अजय जी, यह IME चाणक्य को इन्स्क्रिप्ट कीबोर्ड लेआउट से टाइप करने के लिये है। इसलिये आपको इससे टाइप करने के लिये इन्स्क्रिप्ट का अभ्यास करना होगा। इन्स्क्रिप्ट हिन्दी का मानक कीबोर्ड है। तत्काल टाइप करना शुरु करने के लिये आप इन्स्क्रिप्ट के स्टीकर छापकर कीबोर्ड पर भी लगा सकते हैं।

  18. श्रीश जी,

    आपको डिवैलप किया हुआ टूल प्रयोग करने के बाद में बहुत प्रभावित हुआ हूँ क्योंकि आपने गूगल, माइक्रोसॉफ़्ट को भरपूर जवाब दिया है इसमे कुछ टेक्निकल कामिया हैं जैसे अगर साधारण तरीके से काम करना हो तो यह टूल ठीक काम करता है पर पेजमेकर , कोरेल ड्रॉ जैसे सॉफ्टवेर में खासी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ता है और indesign जैसे सॉफ्टवेर में पूरी तरह से फेल हो जाता है अगर आप इसे थोड़ा और इंटेलिजेंट बना सके एवं डिक्शनरी सपोर्ट जोड़ दे तो आपका यह टूल सबको पीछे छोड़ देगा।
    इंग्लिश टाइप करने के लिए मुझे इसे disable करना होता है पर अन्य टूल में esacape की प्रैस कर आप इंग्लिश इस्तमाल कर सकते हैं बस english word type kar escape key press kar dijiye

    आप कृपया सहायता को और सुधार की जरूरत है जिससे नॉन टेक्निकल यूसर भी इसका प्रयोग कर सके।

    अगर आप इसे ansi सॉफ्टवेर तक सीमित रखना चाहते हैं तो कम से कम से डिक्शनरी सपोर्ट जरूर जोड़ दे जिस तरह माइक्रोसॉफ़्ट , गूगल जैसे टूल्स इसतमाल करते हैं इससे नए यूजर्स को बहुत सहायता मिलेगी।

    अभी में माइक्रोसॉफ़्ट IME टूल का प्रयोग करता हूँ ब्लॉग इत्यादि के लिए एवं ansi सॉफ्टवेर के लिए आपके टूल की मदद लेता हूँ।

    आपकी इस कोशिश एवं सहयोग के लिए आपका बहुत धन्यवाद एवं भविष्य में इसी तरह जुड़े रहने के लिए शुभ कामनाएँ

    • सर्फर जी, इनडिजाइन में क्या दिक्कत आती है? मेरे विचार से तो उसमें भी यह ठीक काम करना चाहिये।

      डिक्शनरी सपोर्ट नहीं जोड़ सकता क्योंकि पुराने फॉण्टों में डिक्शनरी वाला काम बहुत जटिल हो जाता है। गूगल तथा माइक्रोसॉफ्ट के टूल यूनिकोड के लिये हैं इसलिये उनमें डिक्शनरी सपोर्ट सम्भव है। बाकी यह टूल नॉन-यूनिकोड फॉण्टों के लिये ही बनाया गया है, यूनिकोड वाला विकल्प तो वैसे ही जोड़ दिया। यूनिकोड में टाइप करने के लिये मैं इसके प्रयोग की सलाह नहीं दूँगा, उसके लिये (यदि आप इन्स्क्रिप्ट प्रयोग करते हैं) आप हिन्स्क्रिप्ट नामक संशोधित कीबोर्ड लेआउट प्रयोग करें।

      इंग्लिश टाइप करने के लिये ऍस्केप वाला तरीका केवल गूगल आइऍमई, माइक्रोसॉफ्ट आइऍमई जैसे टूल में सम्भव है जो पूरा शब्द लिखने के बाद स्पेस दबाने पर ट्राँसलिट्रेट करता है, वैसे भी यह टूल ट्राँसलिट्रेशन पर कार्य नहीं करता। बाकी बरह आइऍमई जैसे दूसरे औजारों में भी इनपुट भाषा बदलने हेतु कोई न कोई हॉटकी होती है।

  19. प्रियवर, आपने बड़ा अच्‍छा प्रोग्राम बनाया है. क्‍या इसे रेमिंग्‍टन कीबोर्ड के साथ प्रयोग करना संभव नहीं? मेरे पास एक पुराना IME टूलकिट है, उसमें कई कीबोर्ड हैं. पर उसे कंट्रोल पैनल में जाकर इंस्‍टाल करना पड़ता है. यह नया प्रोग्राम आसान है, रेमिंग्‍टन का जादू चला दीजिए, साभार और शुभकामनाएं

    • नहीं जी, रेमिंगटन के साथ तो यह नहीं चलेगा। यदि आपको कंट्रोल पैनल में जाकर कीबोर्ड जोड़ने की परेशानी लगती है तो आप इण्डिक आइऍमई लाइट नामक टूल प्रयोग करें जो कि यह काम खुद कर देगा।

ट्रैकबैक

  1. ई-पण्डित आइऍमई ~ यूनिकोड तथा चाणक्य, कृतिदेव आदि फॉण्टों में टाइप करने हेतु टाइपिंग टूल जारी | ई-पण
  2. अपने कम्प्यूटर में भारतीय रुपया चिह्न (₹) हेतु समर्थन स्थापित करें | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog
  3. ई-पण्डित आइऍमई अपेडट, संस्करण १.१ | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog
  4. फाइनल ड्राफ्ट में हिन्दी कैसे टाइप करें | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog
  5. नॉन-यूनिकोड प्रोग्राम – हिन्दी कंप्यूटिंग के मार्ग की दूसरी प्रमुख बाधा | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog
  6. फोटोशॉप का यूनिकोड हिन्दी/इण्डिक समर्थन युक्त संस्करण डाउनलोड करें | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog
  7. माध्यम – कृतिदेव फॉण्ट में इन्स्क्रिप्ट लेआउट द्वारा हिन्दी टाइप करने हेतु औजार | ई-पण्डित / ePandit &#
  8. फोटोशॉप आदि अयूनीकोडित ग्राफिक्स प्रोग्रामों में हिन्दी कैसे टाइप करें | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog
  9. ई-पण्डित आइऍमई अपडेट – संस्करण १.२, वॉकमैन-चाणक्य फॉण्ट शामिल | ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blog

प्रतिक्रिया करें