ई-पण्डित / ePandit – Hindi Tech Blogsubscribe feedई-पण्डित नये तेज सर्वर पर आ गया है। आपके ब्राउजिंग अनुभव में सुधार होगा।

हिन्स्क्रिप्ट

हिन्स्क्रिप्ट हिन्दी के मानक कीबोर्ड लेआउट इन्स्क्रिप्ट  पर आधारित एक संशोधित कीबोर्ड है। इसमें टाइपिंग की सरलता हेतु कुछ अतिरिक्त चिह्न जोड़े गये हैं। हिन्दी में प्रश्नचिह्न (?), विस्मयादिबोधक चिह्न (!), सन्दर्भ चिह्न (") आदि काफी प्रयुक्त होते हैं। विण्डोज़ के डिफॉल्ट हिन्दी कीबोर्ड में इन चिह्नों को टाइप करने हेतु बारम्बार हॉटकी (ऑल्ट शिफ्ट/कंट्रोल शिफ्ट) दबाकर भाषा बदलनी पड़ती है जिससे काफी समस्या आती है। उदाहरण के लिये प्रश्नचिह्न टाइप करने हेतु पहले हॉटकी दबाकर इनपुट भाषा अंग्रेजी करनी पड़ती है फिर प्रश्नचिह्न टाइप करके दोबारा हॉटकी दबाकर इनपुट भाषा वापस हिन्दी करनी पड़ती है। इसके अतिरिक्त देवनागरी अंक टाइप करने हेतु AltGr (ऑल्ट गियर – दायीं ऑल्ट कुञ्जी जो कि कंट्रोल एवं बायें ऑल्ट कुञ्जियों के संयोजन के समकक्ष होती है) का प्रयोग करना पड़ता है। हिन्स्क्रिप्ट कीबोर्ड में इन समस्याओं को दूर करके संशोधित कीबोर्ड लेआउट तैयार किया गया है।

विण्डोज़ में इन्स्क्रिप्ट लेआउट वाले Devanagari-INSCRIPT तथा Hindi Traditional नामक दो इनबिल्ट हिन्दी कीबोर्ड होते हैं। इनमें से Devanagari-INSCRIPT में अक्सर प्रयुक्त होने वाले विराम चिह्न नहीं होते, उन्हें टाइप करने हेतु बारम्बार हिन्दी-अंग्रेजी में कूद-फाँद करनी पड़ती है। दूसरी ओर Hindi Traditional में दायीं ऑल्ट कुञ्जी के संयोजन में इनमें से कुछ चिह्न होते हैं पर इस लेआउट में देवनागरी के सभी चिह्न नहीं होते। हिन्स्क्रिप्ट में इस समस्या को दूर करके देवनागरी के सभी चिह्नों समेत कीबोर्ड पर उपलब्ध सभी रोमन चिह्न भी शामिल किये गये हैं।

सुधार

» देवनागरी अंक (१,२,३…) सामान्य रूप से टाइप होते हैं जबकि अन्तर्राष्ट्रीय अंक (1,2,3…) ऑल्ट गियर के साथ (दायीं ऑल्ट अथवा कंट्रोल+ बायाँ ऑल्ट) टाइप होते हैं। उदाहरण के लिये, 1 = AltGr+1

» ऊपर की अंकों वाली पंक्ति पर मौजूद चिह्न (!,@,#…) ऑल्ट गियर तथा शिफ्ट के साथ टाइप होते हैं। उदाहरण के लिये, ! = AltGr+Shift+1

इसमें अपवाद (, ) तथा – वाली कुञ्जियाँ हैं क्योंकि ये सामान्य रूप से भी टाइप होती हैं इसलिये इनके साथ इस संयोजन में क्रमशः =, + तथा _ को रखा गया है। हाइफन वाली कुञ्जी के साथ ऑल्ट गियर मोड में — (em-dash) को रखा गया है।

» भारतीय रुपया चिह्न $ वाली कुञ्जी पर है। ₹ = Ctrl+Shift+4

» कीबोर्ड की दायीं ओर वाले विराम चिह्न कंट्रोल की के संयोजन में रखे गये हैं। नीचे वाला चिह्न कंट्रोल के साथ और ऊपर वाला कंट्रोल+शिफ्ट के साथ। उदाहरण के लिये, सेमीकॉलन (;) = Ctrl+; तथा कॉलन (:) = Ctrl+Shift+;

इसमें अपवाद , . तथा / वाली कुञ्जियाँ हैं। , तथा . सामान्य रूप से टाइप होते हैं इसलिये इन दोनों पर मौजूद < तथा > केवल कंट्रोल के साथ टाइप होते हैं, ऐसा माइक्रोसॉफ्ट वर्ड में फॉण्ट साइज घटाने-बढ़ाने के कीबोर्ड शॉर्टकट (Ctrl+Shift+, तथा Ctrl+shift+.) से कॉन्फ्लिकशन टालने हेतु भी किया गया है।

साथ ही / कुञ्जी से सामान्य रूप में य टंकित होता है जबकि शिफ्ट के साथ य़ होता है। प्रश्नचिह्न (?) का हिन्दी में बारम्बार प्रयोग होता है जबकि य़ का प्रयोग नगण्य है, यह केवल कुछ अन्य भारतीय भाषायी ध्वनियों को व्यक्त करने हेतु प्रयुक्त होता है। इस कारण इन्स्क्रिप्ट प्रयोक्ताओं को प्रश्नचिह्न टाइप करने हेतु बारम्बार इनपुट भाषा बदलकर अंग्रेजी करनी पड़ती है। इसलिये इस कीबोर्ड में शिफ्ट अवस्था में से य़ को हटाकर प्रश्नचिह्न रख दिया गया है। य़ को ऑल्ट गियर तथा शिफ्ट के साथ रख दिया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर टाइप किया जा सके। यानि ? = Shift+/ तथा य़ = AltGr+Shift+/

»  गुणा का चिह्न (×) कीबोर्ड पर न होने से लोग अक्सर इसकी जगह ऍक्स (x) से काम चला लेते हैं इसलिये गुणा चिह्न को x कु़ञ्जी पर शामिल किया गया है। × = AltGr+x, इसी तरह ÷  = AltGr+/

डाउनलोड

नीचे दिये गये बटन पर क्लिक कर स्काइड्राइव फोल्डर से HinScript_v1.0.zip नामक जिप फाइल डाउनलोड करें।

डाउनलोड करने के बाद इसे अनजिप कर Setup.exe नामक फाइल डबल क्लिक कर चलायें, इंस्टालेशन पूरी होने पर सन्देश आ जायेगा। इसका कीबोर्ड सिस्टम में स्वतः जोड़ लिया जाता है। कीबोर्ड लागू करने के लिये हॉटकी (Alt+Shift/Ctrl+Shift) का प्रयोग कर इनपुट भाषा हिन्दी कर लें तथा लैंग्वेज बार में कीबोर्ड के आइकॉन पर क्लिक कर HinScript लेआउट चुन लें।

इतिहास

» रिलीज नोट्स, ६ जनवरी २०१२

11 टिप्पणियाँ

  1. श्रीशजी,
    एक बार फिर आपने हिंदी प्रेमियों को बेहद नायाब तोहफा दिया है। आपकी जितनी सराहना की जाए कम है। आज के इस प्रतिस्पर्धी युग में इस प्रकार निस्स्वार्थ साधना आप जैसा मनीषी ही कर सकता है। अत्यंत उपयोगी है हिंस्क्रिप्ट का यह अवतार। हार्दिक बधाई के साथ-साथ ईश्वर से कामना है कि आप इसी प्रकार नए औजार हिंदी सेवकों को प्रदान करते रहें।
    सादर,
    विनोद शर्मा

    • धन्यवाद विनोद जी। जब कोई कहता है कि मेरा बनाया कोई औजार उसके काम आया तो लगता है सारी मेहनत वसूल हो गयी।

  2. विवरण पढ़ यह समझ आता है कि बहुत मददगार साबित होगा !
    जय जय आपकी !!

  3. Bhi toh hindi typing nahi aati hai, abhi shek raha hu……i like this software….nice one……
    congrats Pandit ji

  4. maine hinscript FILE DOWNLOAD TO KAR LI HAI PER ESKO KAISE USE KAREN. YE MUJHE SAMAJH NAHI AAYA.YE KIS PROGRAM ME INSTAAL HUI HAI AUR ESKO KAISE USE KARNA HAI YE THODA DETAIL ME BATAYE TO MAIN BHI ESKO USE KAR SAKUN………..

    • राहुल जी, यदि आप विण्डोज़ ऍक्सपी पर हैं तो आपके पीसी में इण्डिक सपोर्ट पहले से स्थापित होना चाहिये। यदि नहीं है तो पहले इण्डिक ऍक्सपी टूल इंस्टाल करें। अब इस कीबोर्ड को इंस्टाल करने के बाद भाषा हॉटकी दबायें जो डिफॉल्ट रूप से लैफ्ट ऑल्ट+शिफ्ट होती है।

  5. क्या ये कीबोर्ड उबंटू में भी कार्य कर सकता है.. अगर हां तो इसके कैसे और कहां से इंस्टाल करें। विधि जरूर बताएं.

    • नहीं जी यह उबुंटू में कार्य नहीं करेगा, केवल विण्डोज़ के लिये है। उबुंटू के लिये भी सम्भवतः ऐसा कीबोर्ड बनाया जा सकता है। कभी समय मिलने पर देखूँगा।

ट्रैकबैक

  1. हिन्स्क्रिप्ट — प्रश्नचिह्न (?) आदि विराम चिह्नों को सरलता से टाइप करने हेतु संशोधित इन्स्क्रिप

प्रतिक्रिया करें